सर्व समाज की एकता से ही मजबूत होगा राष्ट्र : कैप्टन अभिमन्यु

Edited By Krishan Rana, Updated: 26 Jul, 2026 08:43 PM

the nation will be strengthened only through the unity of all sections of societ

हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री व दिग्गज भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रदेश के लगभग 11 जिलों में सर्व समाज भाईचारा स्नेह मिलन कार्यक्रम

 चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री व दिग्गज भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रदेश के लगभग 11 जिलों में सर्व समाज भाईचारा स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं और उनका उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान जीवनभर जारी रहेगा और समाज में जागरूकता तथा समरसता के लिए लगातार कार्य किया जाएगा।

पंचकूला सेक्टर-6 स्थित सर छोटू राम जाट भवन में शनिवार को सर्व समाज भाईचारा स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के उपरांत भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने मीडिया से बातचीत करते हुए सामाजिक एकता, समरसता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि सभी समाजों को आपसी विश्वास मजबूत करते हुए कंधे से कंधा मिलाकर देश को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए। भारत के अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने के लिए पूरे समाज को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
 

जातिवाद देश की शहादत का अपमान
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि जब भी किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के मन में जातिवाद की भावना आए, तो उसे देश के शहीदों और आजादी के लिए दिए गए बलिदानों को याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति भारत में जाति-पाति के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास करता है, वह भारत माता के बलिदानों का दोषी है।
उन्होंने कहा कि जाति का सहारा वही व्यक्ति लेता है जिसे अपनी योग्यता और क्षमता पर विश्वास नहीं होता। अच्छा नेतृत्व वही है जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलता है और समाज के साथ समान व्यवहार करता है।

नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ना होगा
पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि हर पीढ़ी को अपने समय की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। जो पीढ़ी सामाजिक ताने-बाने को बचा लेती है, वही देश और समाज को नई दिशा देती है। उन्होंने कहा कि आज की जेन-जी पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक और सामाजिक जड़ों से जोड़ना जरूरी है, अन्यथा समाज दिशाहीन हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को समाज के लिए छोटे-छोटे प्रयास करने चाहिए। किसी भी परिवर्तन के लिए लगातार प्रयास आवश्यक हैं और जब तक दरवाजा नहीं खुले, तब तक उसे खटखटाते रहना चाहिए।

राजनीतिक प्रतिस्पर्धा अलग, समाज सेवा अलग
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि राजनीतिक प्रतिस्पर्धा स्वाभाविक है, लेकिन समाज सेवा सभी की साझा जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति और संगठन को अपने-अपने मंच से समाज के हित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर चलता है, वही सच्चा नेतृत्व करता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान आंदोलन के दौरान विभिन्न पहलुओं पर विचार करने के बाद निर्णय लिए गए थे। उन्होंने कहा कि जेन-जी सहित समाज के विभिन्न वर्गों का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिखाई देता है और नेतृत्व को हर वर्ग के लिए कार्य करना चाहिए।

हरियाणवी गीतों में अश्लीलता रोकने की पहल सराहनीय
महम में खाप पंचायतों द्वारा हरियाणवी गीतों में अश्लीलता और अभद्र भाषा के खिलाफ चलाए गए अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि यह अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि गीतों में ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं होना चाहिए जिससे समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़े। उन्होंने खाप पंचायतों की भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि अच्छे समाज के निर्माण के लिए समाज और शासन-प्रशासन को मिलकर काम करना होगा।

कारगिल शहीदों को किया नमन
कारगिल विजय दिवस का उल्लेख करते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बताया कि कारगिल युद्ध के समय उनके पिता स्वर्गीय चौधरी मित्रसेन आर्य ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी थी कि सरकार की सहायता पहुंचने से पहले शहीदों के परिवारों तक एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि 27 वर्ष पहले कारगिल के शहीदों की शहादत ने पूरे देश की आंखें नम कर दी थीं और आज भी उनके बलिदान को देश कभी नहीं भूल सकता।

शिक्षा और भ्रष्टाचार पर भी जताई चिंता
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि समाज को शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक प्रगति करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 1913 में स्थापित जाट शिक्षण संस्था आज तक विश्वविद्यालय का रूप ले सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन में भ्रष्टाचार के खिलाफ भी समाज को प्रचंड अभियान चलाना होगा और जनभागीदारी से ही व्यवस्था में सुधार संभव है।

गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
समारोह में हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पूर्व डीजीपी एम.एस. मलिक, बी.एस. गिल, बलविंदर चौधरी, भाग सिंह दमदमा, दीपक शर्मा, परमजीत कौर, आईटीबीपी चंडीगढ़ में जिम्मेदारी निभा रहे विजय देशवाल, पूर्व डीजी आईटीबीपी ईश्वर दुहन सहित सर्व समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कैप्टन अभिमन्यु ने सभी अतिथियों, सर छोटू राम जाट भवन की टीम तथा आयोजन समिति का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)     

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!