Edited By Krishan Rana, Updated: 08 Apr, 2026 09:05 PM

हरियाणा के नूंह और रेवाड़ी जिलों में स्वास्थ्य संस्थानों की पानी की टंकियों में बंदर और कीड़े मिलने के मामले सामने आने के बाद भी
फरीदाबाद (अनिल राठी): हरियाणा के नूंह और रेवाड़ी जिलों में स्वास्थ्य संस्थानों की पानी की टंकियों में बंदर और कीड़े मिलने के मामले सामने आने के बाद भी फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल में प्रशासन की लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है। अस्पताल की मुख्य बिल्डिंग की छत पर रखी करीब 10 से 12 पानी की टंकियों में से कई टंकियां खुली मिलीं और लगभग 4 से 5 टंकियों के ढक्कन पूरी तरह गायब पाए गए। इतना ही नहीं, एक टंकी का पानी छत पर फैला हुआ भी दिखाई दिया।
बताया जा रहा है कि इन टंकियों की लंबे समय से ठीक तरह से सफाई नहीं करवाई गई, जिसके कारण इनमें गंदगी जमा होने की आशंका है। यही पानी अस्पताल की बिल्डिंग में अलग-अलग कार्यों के लिए सप्लाई किया जाता है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है। अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की लापरवाही सीधे तौर पर मरीजों और लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ मानी जा रही है।
हालांकि हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने हाल ही में सभी स्वास्थ्य संस्थानों में टंकियों की सफाई के आदेश दिए थे, लेकिन फरीदाबाद में इन आदेशों की अनदेखी साफ नजर आ रही है। इस मामले पर सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा का कहना है कि एक सप्ताह के भीतर सभी टंकियों की सफाई करवाई जाएगी और जिन टंकियों के ढक्कन नहीं हैं, उन्हें भी तुरंत लगवाया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)