चंडीगढ़: पूर्व उपप्रधानमंत्री स्व. चौ. देवीलाल परिवार प्रदेश का सबसे बड़ा राजनीतिक घराना है और इस परिवार के सदस्य आज अलग-अलग सियासी दलों में रहते हुए राजनीति कर रहे हैं। ऐसा पहली बार होगा जब चौ. देवीलाल की जयंती के अवसर पर इस साल 25 सितंबर को परिवार के सदस्यों द्वारा हरियाणा व राजस्थान में तीन अलग-अलग जगह कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 25 सितंबर को चौ. देवीलाल के जन्मदिवस पर इनेलो की ओर से कैथल में एक रैली रखी गई है तो जजपा पहली बार हरियाणा से बाहर सीकर में चौ. देवीलाल की जयंती मनाएगी। सीकर में जजपा की ओर से रैली रखी गई है। इसी तरह से चौ. देवीलाल के बेटे व बिजली और जेल मंत्री चौ. रणजीत सिंह सिरसा में अपने बरनाला रोड स्थित आवास पर सहभोज कार्यक्रम करके अपने पिता की जयंती पर उन्हें अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे।
देवीलाल परिवार के सदस्यों की राजनीति अलग-अलग धाराओं में है
गौरतलब है कि चौ. देवीलाल परिवार के सदस्यों की राजनीति अलग-अलग धाराओं में बंटी हुई है। चौ. देवीलाल के बड़े बेटे चौ. ओमप्रकाश चौटाला इनेलो के सुप्रीमो हैं और पौत्र अभय सिंह चौटाला इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव हैं। इसी तरह से चौ. देवीलाल के मझोले बेटे चौ. रणजीत सिंह रानियां से आजाद विधायक चुने जाने के बाद 2019 से हरियाणा सरकार में बिजली और जेल मंत्री हैं। चौ. देवीलाल के पौत्र डा. अजय सिंह चौटाला जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं तो उनके पड़पौत्र दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री हैं। चौ. देवीलाल के बेटे स्व. प्रताप चौटाला के बेटे रवि चौटाला एवं पुत्रवधु सुनैना चौटाला इनैलो में हैं तो सबसे छोटे बेटे स्व. जगदीश चंद्र के बड़े बेटे आदित्य देवीलाल भारतीय जनता पार्टी में हैं। आदित्य देवीलाल भाजपा जिला सिरसा इकाई के अध्यक्ष के अलावा हरियाणा राज्य कृषि विपणन मंडल के चेयरमैन भी हैं।
कैथल रैली के जरिए अपनी ताकत दिखाएगी इनेलो
इनेलो की ओर से इस बार 25 सितंबर को चौ. देवीलाल की 110वीं जयंती के अवसर पर कैथल में सम्मान दिवस रैली रखी गई है। इनेलो की इस रैली में एन.सी.पी. नेता शरद पवार, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, फारूख अब्दुल्ला, पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सीताराम येचुरी, भाजपा नेता चौ. बीरेंद्र सिंह, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष स. सुखबीर बादल, पूर्व गवर्नर सत्यपाल मलिक, राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी, हनुमान बेनीवाल, के.सी. त्यागी और भीम आर्मी से चंद्रशेखर आजाद, शेर सिंह राणा आदि नेता शामिल होंगे। 6 अप्रैल 2001 को चौ. देवीलाल के निधन के बाद से ही इनेलो हर वर्ष 25 सितंबर को उनके जन्मदिवस पर रैली का आयोजन करती है। इस रैली के जरिए इनेलो इस बार कैथल में भीड़ जुटाकर अपनी ताकत दिखाना चाहेगी। इनेलो पिछले करीब साढ़े 18 वर्ष से सत्ता से बाहर है और चुनाव-दर-चुनाव पार्टी का ग्राफ ऊपर नीचे आता जाता रहा है। ऐसे में अब परिवर्तन पदयात्रा के बाद कैथल रैली के जरिए इनेलो की ओर से अपने कार्यकर्ताओं में जोश का संचार किया जाएगा। इस रैली से पहले 24 फरवरी से पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव चौ. अभय सिंह चौटाला परिवर्तन पदयात्रा निकालते हुए प्रदेश के 82 विधानसभा क्षेत्रों के करीब 1500 से अधिक गांव कवर कर चुके हैं। कैथल रैली को लेकर अभय चौटाला 10 सितंबर से लेकर 17 सितंबर तक प्रदेश के सभी जिलों में कार्यकर्ताओं की बैठक भी कर चुके हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को अभय चौटाला ने कैथल में रैली स्थल का जायजा भी लिया और रैली में 5 लाख लोगों के आने का दावा किया। कैथल रैली को लेकर अभय चौटाला के अलावा पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी, अभय ङ्क्षसह के बेटे कर्ण चौटाला व अर्जुन चौटाला के अलावा अन्य पदाधिकारी व नेता तैयारियों में जुटे हुए हैं।
सीकर रैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन करेगी जजपा
उल्लेखनीय है कि 9 दिसंबर 2018 को डा. अजय चौटाला व दुष्यंत चौटाला ने जींद में एक रैली के जरिए जजपा का गठन किया था। इसके बाद पार्टी की ओर से 2019, 2021 और 2022 में चौ. देवीलाल के जन्मदिवस पर दिल्ली में स्थित उनके समाधि स्थल पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अब पहली बार जजपा की ओर से भी उनकी जयंती पर रैली रखी गई है और जजपा पहली बार हरियाणा के बाहर राजस्थान के सीकर में 25 सितंबर को रैली करने जा रही है। सीकर संसदीय सीट से चौ. देवीलाल परिवार का पुराना नाता रहा है। 1989 के संसदीय चुनाव में चौ. देवीलाल सीकर से लोकसभा के सदस्य चुने गए और देश के उपप्रधानमंत्री बने। 1990 में सीकर संसदीय सीट के दातारामगढ़ से डा. अजय चौटाला विधायक चुने गए थे। उल्लेखीय है कि जजपा इस बार हरियाणा के अलावा राजस्थान में भी पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रही है। राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों के लिए इस साल के अंत में चुनाव होने हैं। इन चुनावों को लेकर जजपा ने राजस्थान में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। जजपा का मकसद राजस्थान के 18 जिलों की करीब 25 से 30 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का है। यही वजह है कि जजपा की ओर से राजस्थान के सीकर में 25 सितंबर को चौ. देवीलाल के जन्मदिवस पर रैली रखी गई। सियासी विश्लेषकों का मानना है कि जजपा इस रैली में भीड़ जुटाकर राजस्थान में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शक्ति प्रदर्शन भी करना चाहेगी। सीकर रैली को लेकर डा. अजय चौटाला, दुष्यंत चौटाला व दिग्विजय चौटाला सहित पार्टी के अन्य नेता राजस्थान में पूरी तरह से सक्रिय हैं।
अपने आवास पर कार्यक्रम करेंगे चौ. रणजीत सिंह
चौ. देवीलाल के बेटे चौ. रणजीत सिंह 25 सितंबर को अपने पिता की जयंती के अवसर पर सिरसा के बरनाला रोड स्थित आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके चौ. देवीलाल को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और कार्यकर्ताओं संग सहभोज करेंगे। रणजीत सिंह हर वर्ष 25 सितंबर को अपने आवास पर ही कार्यक्रम का आयोजन करते हैं। उनका दावा है कि इस कार्यक्रम में करीब 10 हजार कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। रणजीत सिंह 1987 में पहली बार विधायक बनने के बाद अपने पिता चौ. देवीलाल की सरकार में कृषि मंत्री बने थे। साल 1989 में चौ. देवीलाल के उपप्रधानमंत्री बनने के बाद चौ. ओमप्रकाश चौटाला मुख्यमंत्री बन गए। इसके कुछ समय बाद चौ. रणजीत सिंह ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और साल 1993 में वे कांग्रेस में चले गए थे। कई वर्षों तक कांग्रेस में राजनीति करने के बाद रणजीत सिंह ने साल 2019 का चुनाव रानियां से आजाद प्रत्याशी के रूप में लड़ा और विधायक चुने गए। विधायक बनने के बाद उन्होंने भाजपा को समर्थन दिया और भाजपा सरकार में उन्हें बिजली एवं जेल मंत्री बनाया गया। रणजीत सिंह अपने पिता की जयंती पर रैली करने की बजाय साधारण कार्यक्रम ही करते हैं और इस बार भी उनके आवास पर ऐसा ही कार्यक्रम रखा गया है।
कैथल रैली में 36 बिरादरी के लोग होंगे शामिल: अभय चौटाला
इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने बताया कि सम्मान दिवस रैली में विभिन्न पार्टियों के राष्ट्रीय स्तर के नेता शिरकत करेंगे। रैली के प्रति पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि राजस्थान, पंजाब और पश्चिम यू.पी. के सभी वर्ग के लोगों में भारी जोश है और इस रैली में किसान, मजदूर, छोटे व्यापारियों समेत 36 बिरादरी के लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली प्रदेश की आज तक की सबसे बड़ी ऐतिहासिक रैली होगी और उन्होंने 82 हलकों में जो ‘परिवर्तन पदयात्रा’ की है उसका बहुत बड़ा योगदान इस रैली में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि पदयात्रा का ही असर है कि इस रैली में 5 लाख लोगों के आने की संभावना है और मौजूदा शैड को चारों तरफ से बढ़ा कर बड़ा किया गया है, ताकि रैली में शामिल होने वाले लाखों लोगों के लिए बैठने की सुविधा मिल सके। इस रैली में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी सबसे अधिक देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज भाजपा गठबंधन सरकार से प्रदेश की जनता बेहद त्रस्त है। सरकार की नीतियों के कारण आज आम जनता महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, लचर कानून व्यवस्था और बढ़ती महंगाई से बेहद परेशान है। वहीं विपक्षी दल कांग्रेस के नेता भूपेंद्र हुड्डा बजाय जनता की आवाज उठाने और प्रदेश सरकार के घोटालों और भ्रष्टाचार को विधानसभा में उठाने के, ऐसे बयान देते हैं जिससे भाजपा को फायदा पहुंचता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेंद्र हुड्डा भाजपा से मिले हुए हैं और उनके प्रति नरम रुख अपनाए हुए हैं, जिस कारण प्रदेश की जनता में कांग्रेस की विश्वसनीयता बिल्कुल खत्म हो चुकी है। आज प्रदेश में इनेलो ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसको प्रदेश की जनता आशा भरी नजरों से देख रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में आने वाली सरकार निश्चित रूप से इंडियन नैशनल लोकदल की होगी।
राजस्थान से है हमारा पुराना व विशेष लगाव: दुष्यंत चौटाला
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि राजस्थान में जननायक जनता पार्टी निरंतर मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है और यहां विधानसभा चुनावों में पार्टी अपने संगठन की ताकत को दर्शाएगी। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राजस्थान में सीकर रैली और विधानसभा चुनाव को लेकर जजपा द्वारा जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि दिन-प्रतिदिन पार्टी के साथ नए साथी जुड़ रहे हैं। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राजस्थान में जननायक चौ देवीलाल और जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला के समय के पुराने साथियों को साथ लेकर जजपा आगे बढ़ रही है और सभी जिलों में संगठन निर्माण का कार्य जारी है। विधानसभा चुनाव में जजपा द्वारा मजबूत उम्मीदवार उतारे जाएंगे। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राजस्थान से उनका पुराना नाता और विशेष लगाव हैं। जननायक चौधरी देवीलाल जब देश के उप-प्रधानमंत्री बने थे तब वे सीकर से ही सांसद थे। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि ऐसी पावन धरा सीकर पर जजपा 25 सितंबर को चौ. देवीलाल की 110वीं जयंती मनाएगी और इस अवसर पर राजस्थान से बड़ी संख्या में लोग पहुंच कर उन्हें नमन करेंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार से प्रदेश का हर वर्ग दुखी है और जनता यहां बदलाव चाहती है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राजस्थान के लोगों के हित में प्रदेश के बदलाव के लिए चौ. देवीलाल की नीतियों पर चलने वाली पार्टी जजपा अहम रोल अदा करेगी।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)