Edited By Deepak Kumar, Updated: 31 Oct, 2025 10:56 AM
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अंबाला एयरबेस से राफेल विमान में उड़ान का एक और वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में राष्ट्रपति हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित ब्रह्मसरोवर के ऊपर से उड़ान भरती नजर आ रही हैं।
डेस्कः देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अंबाला एयरबेस से राफेल विमान में उड़ान का एक और वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में राष्ट्रपति हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित ब्रह्मसरोवर के ऊपर से उड़ान भरती नजर आ रही हैं। उड़ान के दौरान एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह ने राष्ट्रपति को जानकारी दी कि वे इस समय ब्रह्मसरोवर के ऊपर से गुजर रही हैं। इस पर उन्होंने राष्ट्रपति से पूछा कि क्या वे इस दृश्य पर देशवासियों को कुछ कहना चाहेंगी।
इस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “प्रिय देशवासियों, नमस्कार। यह मेरे लिए अविश्वसनीय पल है। आज मैं इस आधुनिक विमान से इस ऐतिहासिक भूमि को देख रही हूं। राफेल की इस उड़ान से मैं प्राचीन भूमि और ब्रह्मसरोवर को देख रही हूं, जो हमारी सांस्कृतिक विविधता और ऐतिहासिक यात्रा का प्रतीक है। मेरी इस आधुनिक उड़ान से मेरा विश्वास और अधिक दृढ़ हो रहा है। मैं इस उड़ान के लिए सैनिकों को बहुत-बहुत धन्यवाद देना चाहती हूं।”
29 अक्टूबर को भरी थी राफेल में ऐतिहासिक उड़ान
बता दें कि 29 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंबाला एयरफोर्स स्टेशन से फाइटर प्लेन राफेल में उड़ान भरी थी। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की राफेल में पहली उड़ान थी। इस दौरान राष्ट्रपति की स्क्वॉड्रन लीडर शिवांगी सिंह के साथ एक तस्वीर भी सामने आई थी। उल्लेखनीय है कि शिवांगी सिंह वही महिला फाइटर पायलट हैं, जिन्हें पाकिस्तान ने कभी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पकड़ने का झूठा दावा किया था।