Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 05 Sep, 2026 12:43 PM

गुड़गांव में शुक्रवार दोपहर बाद से रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश हो रही है। ऐसे में जलभराव होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस परेशानी से बचाने के लिए प्रशासन ने भले ही जल निकासी के पुख्ता इंतजाम न किए हों, लेकिन एडवाइजरी जारी कर...
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव में शुक्रवार दोपहर बाद से रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश हो रही है। ऐसे में जलभराव होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस परेशानी से बचाने के लिए प्रशासन ने भले ही जल निकासी के पुख्ता इंतजाम न किए हों, लेकिन एडवाइजरी जारी कर लोगों को घर में ही रहने की सलाह जरूर दी है। जिला आपदा नियंत्रण विभाग की तरफ से एडवाइजरी जारी कर लोगों को आवश्यक होने पर ही घर से निकलने के लिए कहा गया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
आपको बता दें कि गुड़गांव में शुक्रवार को दोपहर बाद एक घंटे की मूसलाधार बारिश हुई थी। इस कारण पूरा गुड़गांव जलमग्न हो गया। अभी बारिश का पानी पूरी तरह से निकला भी नहीं था कि रिमझिम बारिश शुरू हो गई। शनिवार सुबह से हो रही रिमझिम बारिश सुबह करीब साढ़े 10 बजे के बाद अचानक मूसलाधार बारिश में बदल गई और एक घंटे तक लगातार मूसलाधार बारिश हुई। इसके बाद पूरा शहर एक बार फिर जलमग्न हो गया। इसके कारण वाहन चालकों को काफी अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, मौसम विभाग ने भी अलर्ट जारी कर लोगों को मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ घंटों में 15 एमएम प्रति घंटे के अनुपात में बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला आपदा प्रबंधन विभाग भी हरकत में आया और गुड़गांव वासियों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी। जिला उपायुक्त उत्तम सिंह ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को न केवल घर पर रहने की सलाह दी है बल्कि नगर निगम, जीएमडीए, गुड़गांव पुलिस, शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को भी अलर्ट मोड पर रहने के लिए कहा है ताकि जलभराव होने से रोका जा सके और लोगों की मदद कर उन्हें सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया जा सके।

आपको बता दें कि गुड़गांव में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश के दौरान नगर निगम और जीएमडीए की लापरवाही देखने को मिली थी। एक तरफ जहां सड़क पर एकत्र हुए पानी की निकासी के लिए नगर निगम कर्मचारी नदारद रहे। वहीं, ट्रैफिक पुलिसकर्मी ड्रेनेज को खोलते नजर आए ताकि पानी की निकासी हो सके और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त हो सके। वहीं, दूसरी तरफ ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर नगर निगम कमिश्नर ने ड्यूटी से नदारद रहने और बिना अनुमति स्टेशन छोड़ने और मोबाइल बंद रखने पर कड़ा संज्ञान लेते हुए जेई मनोज कुमार को सस्पेंड कर दिया। वहीं, शनिवार सुबह हुई बारिश के बाद जहां पूरा शहर जलमग्न हो गया है वहीं, अब अधिकारी भी धरातल पर नजर आ रहे हैं।