NEET-UG 2026: हरियाणा में नीट-यू.जी. परीक्षा के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस सतर्क

Edited By Manisha rana, Updated: 19 Jun, 2026 09:32 AM

multi layered security arrangements for neet ug exam in haryana

हरियाणा सरकार ने 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यू.जी. 2026) के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक एवं बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।

चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यू.जी. 2026) के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक एवं बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों पर राज्य सरकार, जिला प्रशासन और हरियाणा पुलिस ने परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।

परीक्षा का आयोजन प्रदेश के गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, झज्जर, रोहतक, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, हिसार, रेवाड़ी, जींद, नूंह, भिवानी, पलवल, सिरसा एवं महेंद्रगढ़ जिलों में किया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, ड्यूटी मैजिस्ट्रेट, महिला एवं पुरुष फ्रिस्किंग टीमें तथा क्विक रिस्पांस टीमें तैनात रहेंगी।

दोहरी जांच और सख्त प्रवेश व्यवस्था

परीक्षा केंद्रों पर दोहरी सुरक्षा जांच (ड्यूल लेयर फ्रिस्किंग) की व्यवस्था की गई है। पहली जांच केंद्र के प्रवेश द्वार से पहले पुलिस एवं होमगार्ड कर्मियों द्वारा तथा दूसरी जांच केंद्र परिसर में प्रवेश के बाद सुरक्षा कर्मियों द्वारा की जाएगी। प्रत्येक 100 अभ्यर्थियों पर कम से कम एक फ्रिस्किंग कर्मी तैनात रहेगा तथा फ्रिस्किंग टीमों में कम से कम 50 प्रतिशत महिला कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। हैंड-हेल्ड मैटल डिटेक्टरों का भी उपयोग किया जाएगा।

हरियाणा पुलिस ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि कोई भी अभ्यर्थी मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, टैबलेट, स्मार्ट वाँच, इलैक्ट्रॉनिक उपकरण, आभूषण, नोट्स, पुस्तकें, ढीले कागज अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करेगा। परीक्षा केंद्रों पर सी.सी.टी.वी. कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है तथा सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर इलैक्ट्रॉनिक निगरानी रखी जाएगी। 

नकल माफिया और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर

नकल माफिया और अन्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित कोचिंग सेंटरों, होटलों, लॉज, सरायों, साइबर कैफे तथा अन्य संदिग्ध स्थानों की विशेष जांच की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की लगातार निगरानी की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना, पेपर लीक या धोखाधड़ी संबंधी गतिविधि को तुरंत रोका जा सके।

प्रश्न पत्रों के सुरक्षित परिवहन और संरक्षण के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर तैनात सभी कर्मचारियों एवं अन्य स्टाफ का सुरक्षा सत्यापन करवाया गया है। साथ ही राजपत्रित अधिकारियों द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया गया है कि भवन, कमरे, दीवारें एवं परिसर पूरी तरह सुरक्षित और मानकों के अनुरूप हो। इसके अतिरिक्त, यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आपातकालीन सहायता की आवश्यकता होती है और वह डायल-112 पर संपर्क करता है, तो आवश्यकता पड़ने पर वाहन द्वारा उसे परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है।

निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता : सिंघल

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस नीट-यू.जी. 2026 के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सभी पुलिस आयुक्तेों, पुलिस अधीक्षकों तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों की नियमित निगरानी, औचक निरीक्षण तथा सुरक्षा प्रबंधों की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। डी.जी.पी. ने कहा कि नकल माफिया, परीक्षा में बाधा डालने वाले तत्वों तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!