Edited By Krishan Rana, Updated: 17 Jun, 2026 07:52 PM

हरियाणा युवा कांग्रेस की ओर से बहादुरगढ़ में प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी बैठक में युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने
बहादुरगढ़ : हरियाणा युवा कांग्रेस की ओर से बहादुरगढ़ में प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेशभर से आए पार्टी के पदाधिकारियों ने भाजपा सरकार की जनविरोधी और युवा विरोधी नीतियों के खिलाफ बड़े आंदोलन का ऐलान किया। बैठक में संगठन विस्तार, युवाओं के मुद्दों, बढ़ती बेरोजगारी, पेपर लीक और नीट परीक्षा रद्द होने जैसे मामलों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने की, जबकि प्रदेश प्रभारी सत्यवान गहलोत और प्रदेश सह प्रभारी मीमांशा व प्रियंका व हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के झज्जर जिलाध्यक्ष संजय यादव मुख्य तौर पर उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और हल्काध्यक्षों ने भाग लिया।
इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि युवा कांग्रेस के चलो वार्ड-चलो पंचायत अभियान को प्रदेशभर में और अधिक प्रभावी ढंग से चलाया जाएगा तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में पार्टी के बीएलए-2 का सहयोग करने के लिए हर बूथ पर एक युवा कार्यकर्ता की ड्यूटी लगाई जाएगी।
युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने बताया कि बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बेरोजगारी, शिक्षा, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाए जाएंगे। युवा कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूत बनाते हुए भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए निशित कटारिया ने कहा कि प्रदेश और देश का युवा आज बेरोजगारी, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही अनियमितताओं से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा को लेकर सामने आए घटनाक्रम ने लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों का भरोसा तोड़ा है। युवा कांग्रेस इस मुद्दे को गांव, वार्ड और हलका स्तर तक लेकर जाएगी तथा युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाएगी।

युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सत्यवान गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण युवाओं में निराशा का माहौल है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों की कमी, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियां और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे लगातार बढ़ रहे हैं। युवा कांग्रेस इन सभी मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान चलाएगी और जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी।
हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश मीडिया चेयरमैन प्रदीप यादव ने कहा कि आने वाले दिनों में प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्र में युवाओं से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का लक्ष्य केवल विरोध करना नहीं, बल्कि युवाओं की समस्याओं को सरकार तक मजबूती से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि चलो वार्ड-चलो पंचायत अभियान के माध्यम से संगठन का विस्तार किया जाएगा और युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता वेद प्रधान,बहादुरगढ़ विधानसभा धर्मेंद्र राणा, शहरी अध्यक्ष पंकज फोगाट,वरुण राठी,मनीष परनाला आदि मौजूद रहे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)