Edited By Isha, Updated: 26 Aug, 2026 09:56 AM

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बहनों और यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा सरकार और परिवहन विभाग (हरियाणा रोडवेज) ने विशेष इंतजाम किए हैं। त्योहार के दौरान बसों की किल्लत न
चंडीगढ़: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बहनों और यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा सरकार और परिवहन विभाग (हरियाणा रोडवेज) ने विशेष इंतजाम किए हैं। त्योहार के दौरान बसों की किल्लत न हो, इसके लिए विभाग ने बड़ा फैसला लेते हुए हरियाणा रोडवेज के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।
रक्षाबंधन पर यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए डिपो स्तर पर विशेष रूप से टाइम-टेबल तैयार किया गया है।मुख्य रूटों और अंतर-राज्यीय मार्गों पर हर 15 मिनट में बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। भीड़भाड़ वाले मार्गों पर नियमित संचालन के अलावा अतिरिक्त (स्पेयर) बसें भी सड़कों पर उतारी जाएंगी ताकि स्टैंड पर यात्रियों को इंतजार न करना पड़े। सभी चालक, परिचालक और वर्कशॉप स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं ताकि सभी बसें सुचारू रूप से चल सकें।
राज्य सरकार की घोषणा के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं और उनके 15 वर्ष तक के बच्चों के लिए हरियाणा रोडवेज की साधारण (ऑर्डिनरी) और स्टैंडर्ड बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। यह छूट त्योहार के तय समय (आमतौर पर रक्षाबंधन से एक दिन पहले दोपहर 12 बजे से रक्षाबंधन के दिन मध्य रात्रि 12 बजे तक) लागू रहती है।