कुरुक्षेत्र : दिल्ली-जम्मू NH-44 पर ट्रक को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, सरियों के नीचे दबने से कश्मीरी ड्राइवर की मौत

Edited By Harman, Updated: 25 Aug, 2026 11:09 AM

kashmiri truck driver killed in kurukshetra road accident

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 (जीटी रोड) पर मारकंडा कॉलोनी के पास हुए सड़क हादसे में कश्मीर निवासी ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 (जीटी रोड) पर मारकंडा कॉलोनी के पास हुए सड़क हादसे में कश्मीर निवासी ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब लोहे के सरियों से लदे ट्रक को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खड्डे में जा गिरा और चालक व उसका साथी सरियों के नीचे दब गए।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय जहांगीर अहमद रेशी निवासी बहरामपुर, जिला बारामूला, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। हादसे में उसका साथी मुस्तफा भी घायल हुआ है, जो जम्मू-कश्मीर का ही रहने वाला बताया गया है।

ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक पर लापरवाही का आरोप

मृतक के भाई तौसीफ अहमद रेशी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे अपने भाई के साथ हुए हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वह शाहाबाद पहुंचा। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ट्रक को टक्कर मार दी।

सरियों के नीचे दबे चालक और साथी

टक्कर के बाद ट्रक बेकाबू होकर जीटी रोड से नीचे मारकंडा कॉलोनी की तरफ खड्डे में जा गिरा। ट्रक में लदे लोहे के सरियों के नीचे चालक जहांगीर और उसका साथी मुस्तफा दब गए। दोनों को बाहर निकालने के लिए हाइड्रा और क्रेन की मदद ली गई। सरिए हटाने के बाद दोनों घायलों को एंबुलेंस से शाहाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।

चालक की मौत, साथी चंडीगढ़ रेफर

अस्पताल में चिकित्सकों ने जहांगीर अहमद को मृत घोषित कर दिया। वहीं मुस्तफा को प्राथमिक उपचार देने के बाद एलएनजेपी अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रैक्टर-ट्रॉली नंबर HR92-7603 के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों तथा वाहन चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।
 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!