पंजाब केसरी के साथ खास बातचीत में मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने रखी अपनी राय, 2024 को लेकर की भविष्यवाणी

Edited By Mohammad Kumail, Updated: 20 Sep, 2023 09:45 PM

kanwarpal gurjar expressed his opinion inconversation with punjab kesari

देशवासियों को नए संसद भवन की बधाई देते हुए प्रदेश के वन- पर्यटन और शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने महिलाओं को दिए गए आरक्षण पर प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने आगामी 2024 विधानसभा चुनाव में मुकाबले में कांग्रेस का नाम लिया...

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी) : देशवासियों को नए संसद भवन की बधाई देते हुए प्रदेश के वन- पर्यटन और शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने महिलाओं को दिए गए आरक्षण पर प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने आगामी 2024 विधानसभा चुनाव में मुकाबले में कांग्रेस का नाम लिया। हालांकि उन्होंने बातों ही बातों में कई बार कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष भी किए। साथ ही गुर्जर ने परिवार पहचान पत्र जैसे पोर्टलों की तारीफ करते हुए कहा कि सभी विकसित देशों का मूल मंत्र पोर्टल है और जिस जिस देश ने पोर्टल को नहीं अपनाया, वह पूरी तरह से पिछड़े हुए हैं। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री की कई बार तारीफ करते हुए कहा कि हरियाणा आज देश में एक बड़ा उदाहरण बना हुआ है। देश के अन्य राज्यों सहित केंद्र सरकार भी हरियाणा की पॉलिसियों को अपनाती हैं। बातचीत के कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत है...

प्रश्न : नए संसद भवन को लेकर आपकी क्या प्रतिक्रिया है?

उत्तर : यह बहुत अच्छा कार्य हुआ है। वहां जगह की काफी किल्लत थी और नए समय के हिसाब से पूरी आधुनिकता के साथ इस भवन का निर्माण हुआ। यह भवन सभी जरूरी संसाधनों से परिपूर्ण है। यहां सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसमें सांसदों मंत्रियों के साथ-साथ आम जनता को भी काफी फायदा मिलेगा। नए भवन के लिए मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं हैं। इतने कम समय में इतना बड़ा भवन बनने की कोई उम्मीद नहीं कर सकता। इसी प्रकार से आज देश में सड़क-हाईवे इत्यादि का कार्य अपने निश्चित समय में हो रहा है यह एक बड़ा फर्क देश की प्रगति में आया है।

प्रश्न : पिछले 20-25 सालों से महिला उत्थान की आवाज उठा रहे महिला संगठनों को महिला आरक्षण बिल से काफी संतोष हुआ होगा?

उत्तर : हमने पहले ही प्रदेश की पंचायतों में महिलाओं के लिए 50 फ़ीसदी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया। 33 फीसदी संगठन में भी इस प्रकार से रिजर्वेशन दिया। केंद्र द्वारा भी महिलाओं को एक बड़ा अवसर दिया जाना एक बड़ा अच्छा निर्णय है और यह स्वागत योग्य कदम है।

प्रश्न : कांग्रेस 2008 में इस मुद्दे पर उठाती रही और भाजपा इसके खिलाफ में रही, यह कांग्रेस के नेताओं का कहना है?

उत्तर : भाजपा ने इसका कभी विरोध नहीं किया। अवश्य ही कुछ सुझाव दिए होंगे और मेरे अनुसार तो सुझाव कोई भी दे सकता है। नियम कोई भी बने या कानून बने इस बात पर सुझाव देने का सभी को अधिकार होता है।

प्रश्न : मामन खान की गिरफ्तारी को सत्ता का दुरुपयोग बता रही हैं कांग्रेस?

उत्तर : इसमें पुलिस ने जांच की है और पुलिस के पास तथ्य हैं। उसी के बाद इस प्रकार की कार्रवाई हुई है। जांच कोई राजनीतिक पार्टी या विधायक-सांसद नहीं करते, अधिकारी जांच करते हैं और सत्यता पाए जाने के बाद ही कार्रवाई होती है। मामन खान की संलिप्तता पाई गई और गृहमंत्री अनिल विज ने इस बारे पहले ही स्पष्ट कहा था कि दंगों वाली जगह पर मामन खान की उपस्थिति दर्ज की गई है तो इससे साफ दिखाई देता है कि उन दंगों में मामन खान का अवश्य ही रोल था।

प्रश्न : कांग्रेस तो राजनीतिक रूप से इन्हें भुनाने में लगी है?

उत्तर : कांग्रेस पार्टी को भी पता है कि यह पाप किया गया है। मुझे लगता है कि कांग्रेस को भी उनकी गलती लग रही होगी और जो भी इसमें दोषी है उसे सजा अवश्य मिलेगी।

प्रश्न : नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार आते ही पीपीपी जैसे पोर्टल समाप्त करने की बात कह रहे हैं?

उत्तर : आगे बढ़ने वाले सभी विकसित देशों में इसी प्रकार के पोर्टल हैं। पाकिस्तान, अफ़गानिस्तान, दक्षिण अफ्रीका के देश आज विश्व में कहीं पीछे हैं, जहां पोर्टल नहीं है। देश के प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए निष्पक्ष सिस्टम का होना जरूरी है। इसलिए टेक्नोलॉजी का प्रयोग होना चाहिए। अगर आधुनिक नहीं बने तो पीछे रह जाएंगे। अब भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुद बताएं कि वह इस प्रदेश को पाकिस्तान, अफगानिस्तान या अफ्रीका जैसे देश जैसा बनना चाहते हैं या फिर अमेरिका, फ्रांस, स्विट्जरलैंड, स्वीडन जैसा प्रदेश। किस दिशा में यह ले जाना चाहते हैं कृपया अपनी स्थिति स्पष्ट करें।

प्रश्न : फिर परिवार परेशान पत्र क्यों बता रहा है पीपीपी?

उत्तर : यह एक बड़ा निर्णय है और बहुत अच्छी योजना है। यह एक बड़ी सोच का उदाहरण है और सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्री इस पहल की सराहना कर रहे हैं और इसे सभी लोग लागू भी करना चाहते हैं। किसी भी काम की शुरुआत में थोड़ी बहुत खामियां अवश्य आती है। अगर यह लोग उसमें सुधार की बात कहें तो ठीक लगेगा। लेकिन इस प्रकार के पोर्टलों को खत्म करने के बाद कहीं भी किसी भी तरह से जनहित में नहीं हो सकती।

प्रश्न : प्रदेश में लगातार बढ़ रही 'आप' की सक्रियता को लेकर क्या कहेंगे?

उत्तर : सक्रियता सभी को बढ़ानी चाहिए यह एक अच्छी बात है।

प्रश्न : मंत्री संदीप सिंह का इस्तीफा विपक्षी दल मांग रहे हैं?

उत्तर : मामला अभी कोर्ट में है जो भी निर्णय होगा उसके बाद आगामी फैसला होगा।

प्रश्न : आपके विभागों को लेकर आपका मुख्य एजेंडा क्या रहेगा?

उत्तर : हमने शिक्षा में काफी सुधार किया है। शिक्षा विभाग को आधुनिकीकरण से जोड़ा है और लगातार हम सुधार कार्य कर भी रहे हैं। हमने क्लासरूम, स्मार्ट बोर्ड के तहत कार्य किया। सुपर हंड्रेड को लेकर 800 तक इसे लेकर गए। बुनियाद कार्यक्रम में नवीं-दसवीं को चार पीरियड कोचिंग दी। वोकेशनल एजुकेशन मामले में देश में सबसे पहले हमने छठी कक्षा से इसे शुरू किया जो कि आज छठी कक्षा के 90000 बच्चे वोकेशनल एजुकेशन ले रहे हैं और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि 12वीं पास कर निकालने वाला हर बच्चे के पास अपना हुनर हो ताकि वह काम कर सके, हमारी भी यही सोच है और हम बच्चों को किट भी दे रहे हैं और किट पर वह अपना लगातार तजुर्बा करते हैं। हमने प्ले वे स्कूल शुरू करके देश में एक उदाहरण पेश किया है। देश में अभी तक बहुत कम स्कूल ऐसे हैं। 20 हजार टीचरों की एक साथ भर्ती करके एक बड़ा परिवर्तन हमने किया है। अब अध्यापकों की कोई कमी नहीं रहेगी और बच्चों को सीधा इसका फायदा मिलेगा।

प्रश्न : हरियाणा का पर्यटन विभाग विश्व भर में आओ भगत के लिए मशहूर था, अब क्या सुधार संभव है?

उत्तर : हमने पर्यटन विभाग में काफी परिवर्तन किए हैं और आगे भी काफी कर रहे हैं। कुरुक्षेत्र में भगवान श्री कृष्ण ने जहां गीता का उपदेश दिया वहां 350 करोड रुपए खर्च कर दिए जा रहे हैं। यह दुनिया की सबसे बड़ी आधुनिक चीज बनेगी। जहां बड़ी संख्या में लोगों देखने आएंगे। महाभारत गीता का संदेश हमें वहां घूमते घूमते होगा। वहां मौजूद होकर ऐसा लगेगा जैसा आप उनके बीच में ही हो। हमने टिकल लाल में काफी बदलाव किया और अपनी हथनीकुंड बैराज में कार्य प्रगति पर है। डमडमा में भी काफी परिवर्तन किए हैं। निश्चित रूप से ही पर्यटक काफी बढ़ेंगे।

प्रश्न : लेकिन इसे पीपीपी मोड तक ले जाने की भी प्लानिंग है?

उत्तर : हम लगभग फाइनल स्टेज पर हैं। चीफ सेक्रेटरी के पास फाइल है। जल्द वह एक बैठक बुलाएंगे उसके बाद निर्णय लेंगे।

प्रश्न : भाजपा मिशन 2024 किस फॉर्मूले पर लड़ेगी?

उत्तर : सबका साथ सबका विकास ही हमारा मूल मंत्र है। हमने सबके लिए ईमानदारी से काम किया है। नौकरियों मे भाई भतीजावाद को खत्म कर योग्यता को आधार बनाया गया है। आज विकास में किसी भी प्रदेश के हिस्से में कोई भेदभाव नहीं हो रहा। हर जगह एक तरह से विकास किया जा रहा है और हरियाणा को आगे ले जाने की जिम्मेदारी हमारी है। हम देश में हरियाणा को एक उदाहरण बनाना चाहते हैं और उसी के तहत हम लगातार कार्य कर रहे हैं। हमने लगातार गरीब के लिए कार्य किया है। हम चाहते हैं कि ऐसा कोई व्यक्ति प्रदेश में ना रहे जिनकी आमदनी 15 हजार से भी कम हो। हम उन्हें गरीबी रेखा से बाहर लाकर रहेंगे। उन्हें लोन का प्रपोजल दिया जा रहा है। दो-ढाई-तीन लाख रुपए के लोन से वह अपना व्यापार शुरू कर सकेंगे। सस्ती दरों पर लोन मिलेगा और जिसके सारे ब्याज का खर्च सरकार उठाएगी। एचकेआरएन संस्था जो एक लाख से कम आमदनी वाले परिवारों को 30 तथा 1 लाख 80 हजार से अधिक आमदनी वाले परिवारों की गरीबी दूर करने पर कार्य कर रहे हैं। हमने निष्पक्षता के साथ काम किया है। इसका आशीर्वाद जनता हमें अवश्य देगी।

प्रश्न : 2024 में मुकाबला किसके साथ होगा?

उत्तर : यह बात सभी जानते हैं कि मुकाबला कांग्रेस से ही होगा बाकि आगे के बारे में कुछ पता नहीं।

प्रश्न : क्या इनेलो यात्रा का भी असर पड़ेगा?

उत्तर : असर तो अवश्य होता ही है। लोगों के बीच जाने से लाभ अवश्य ही मिलेगा। लेकिन आज की तारीख में भाजपा और कांग्रेस का ही मुकाबला दिखता है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!