Edited By Manisha rana, Updated: 16 May, 2026 02:20 PM

कैथल जिले के पबनावा गांव के 37 वर्षीय युवक की अमेरिका में हृदय गति रुकने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है।
कैथल (जयपाल रसूलपुर) : कैथल जिले के पबनावा गांव के 37 वर्षीय युवक की अमेरिका में हृदय गति रुकने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है। युवक करीब चार साल पहले डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था, जहां वह किराये की गाड़ी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
हार्ट अटैक से गई युवक की जान
परिजनों के अनुसार मनीष कुमार की मंगलवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथ में रहने वाले लोगों ने जब उसे देखा तो वह अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। तुरंत परिवार को इसकी सूचना दी गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि युवक को हार्ट अटैक आया था, जिसके कारण उसकी जान चली गई।
जमीन बेच परिवार ने भेजा था अमेरिका
मृतक की माता केलो देवी ने बताया कि परिवार ने बड़ी उम्मीदों के साथ बेटे को विदेश भेजा था। इसके लिए उन्होंने करीब डेढ़ एकड़ जमीन तक बेच दी थी, ताकि मनीष अमेरिका जाकर अच्छी कमाई कर सके और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। मगर अब बेटे की मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।
4 बहनों का इकलौता भाई था मृतक
परिवार के अनुसार मनीष चार बहनों का इकलौता भाई था। उसकी शादी हो चुकी थी और उसका 13 वर्षीय बेटा भी है। पिता सुरजन सिंह बुजुर्ग हैं और परिवार की जिम्मेदारी पूरी तरह मनीष के कंधों पर ही थी। अमेरिका में वह किराये की गाड़ी चलाने का काम करता था और वहीं से घर का खर्च भेजता था।
मौत से कुछ समय पहले ही मनीष की हुई थी परिवार से बात
परिजनों ने बताया कि मौत से कुछ समय पहले ही मनीष की परिवार से फोन पर बातचीत हुई थी। उस दौरान उसने अपनी मां से कहा था कि वह अभी गाड़ी चला रहा है और बाद में आराम से बात करेगा। परिवार को क्या पता था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी। मनीष की मौत के बाद परिवार ने सरकार और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। मां केलो देवी ने मांग की है कि उनके बेटे का शव जल्द भारत लाने में सहयोग किया जाए, ताकि परिवार अंतिम दर्शन कर सके और गांव में उसका अंतिम संस्कार किया जा सके। वहीं गांव में भी मातम का माहौल बना हुआ है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)