Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 16 Jun, 2026 08:30 AM

घरेलू प्रताड़ना और क्रूरता का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक पांच महीने की गर्भवती महिला के साथ उसके ससुराल वालों ने इस कदर मारपीट की कि उसका गर्भपात हो गया।
गुड़गांव, (ब्यूरो): घरेलू प्रताड़ना और क्रूरता का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक पांच महीने की गर्भवती महिला के साथ उसके ससुराल वालों ने इस कदर मारपीट की कि उसका गर्भपात हो गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर ससुराल वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत सेक्टर-65 थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से गुरुग्राम के तिगरा गांव की रहने वाली है, जिसकी शादी बहरामपुर गांव में हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे ससुराल में लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। शनिवार को ससुराल वालों की क्रूरता सारी हदें पार कर गई, जब उन्होंने गर्भवती होने के बावजूद महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की।
पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह पांच महीने की गर्भवती थी। शनिवार को हुए झगड़े के दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे जानबूझकर निशाना बनाया और उसके साथ मारपीट की। इस मारपीट के दौरान महिला के पेट और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। तबीयत अत्यधिक बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि चोटों के गंभीर असर के कारण महिला का गर्भपात हो गया है।
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद सेक्टर-65 थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत मृत भ्रूण का पोस्टमार्टम करवाया ताकि मेडिकल रिपोर्ट के जरिए कोर्ट में पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें। थाना पुलिस ने बताया कि महिला के बयान के आधार पर आरोपी पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ प्रताड़ना, मारपीट और गर्भपात कारित करने जैसी संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।