Edited By Yakeen Kumar, Updated: 20 Jan, 2026 07:15 PM

हरियाणा सरकार और दलित संगठनों के पदाधिकारी 31 जनवरी को कुरुक्षेत्र के उमरी में मनाई जाने वाली संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती की तैयारियों में पूरे जी-जान से जुटे हुए हैं।
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा सरकार और दलित संगठनों के पदाधिकारी 31 जनवरी को कुरुक्षेत्र के उमरी में मनाई जाने वाली संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती की तैयारियों में पूरे जी-जान से जुटे हुए हैं। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस जयंती समारोह में शामिल होकर जहां दलित कल्याण की योजनाओं की जानकारी देंगे, वहीं दलितों के उत्थान की नई योजनाओं की घोषणा भी कर सकते हैं। हरियाणा सरकार के आह्वान पर राज्य के प्रमुख दलित संगठनों ने संत गुरु रविदास की जयंती की तैयारियों के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान छेड़ दिया है।
हरियाणा सरकार महापुरुषों और संतों को सम्मान प्रदान करने के लिए लगातार राज्य स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री रहते हुए मनोहर लाल ने यह परंपरा आरंभ की थी, जिसे मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पूरे सम्मान के साथ निभा रहे हैं। राज्य में करीब 22 प्रतिशत दलित मतदाता हैं। प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों में से तीन और 90 विधानसभा सीटों में से 17 अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। कुरुक्षेत्र के उमरी में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों के लिए हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दलित मंत्रियों, भाजपा नेताओं और दलित संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें जरूरी दिशा निर्देश दिए हैं।
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री के मुख्य मीडिया सलाहकार एवं जनचेतना ट्रस्ट के संजोयक सुदेश कटारिया ने बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 14 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, हिसार, जींद, हांसी, झज्जर तथा फतेहाबाद से ब्लाक स्तर तक और शेष नौ जिलों से जिला स्तर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता, पूर्व मंत्री डा. बनवारी लाल, नीलोखेड़ी के विधायक भगवान दास कबीरपंथी, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया समेत कई दलित नेता जुटे हुए हैं।
सुदेश कटारिया के अनुसार वे स्वयं अब तक करीब एक दर्जन जिलों का दौरा कर संत गुरु रविदास जयंती समारोह के लिए समाज के लोगों को न्यौता दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि
इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके साथ-साथ प्रदेशभर के सामाजिक, धार्मिक संगठनों और आम नागरिकों को भी समारोह में भाग लेने के लिए निमंत्रण दिया जा रहा है, ताकि संत गुरु रविदास जी के विचारों और संदेश को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाया जा सके। कटारिया ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार का उद्देश्य है कि नई पीढ़ी संत-महापुरुषों के जीवन, विचारों और कार्यों से प्रेरणा लेकर सही दिशा में आगे बढ़े।
सुदेश कटारिया ने जानकारी दी कि जीटीरोड स्थित कुरुक्षेत्र के उमरी में ही संत गुरु रविदास जी के मंदिर, छात्रावास और उनके नाम पर ही धर्मशाला का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने बीते दिनों कैबिनेट में पांच एकड़ जमीन संस्थान को फ्री में देने का निर्णय लिया था। पांच एकड़ जमीन पर संत शिरमोणि गुरु रविदास जी के नाम से भव्य संस्थान बनाने का फैसला हरियाणा सरकार ने लिया है। राज्य सरकार गुरु रविदास जयंती को पूर्ण श्रद्धा, सम्मान और भव्यता के साथ मनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने सभी से समन्वय और सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम को ऐतिहासिक और यादगार बनाने का आह्वान किया है।