Edited By Isha, Updated: 23 Oct, 2026 07:39 PM

मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन ने कुरुक्षेत्र जिला इकाई का विस्तार करते हुए प्रमुख पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। शैलेंद्र चौधरी को जिला प्रधान, रवि कुमार बाबैन को जिला सचिव और रणदीप रोड को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी): मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन ने कुरुक्षेत्र जिला इकाई का विस्तार करते हुए प्रमुख पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। शैलेंद्र चौधरी को जिला प्रधान, रवि कुमार बाबैन को जिला सचिव और रणदीप रोड को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने बताया कि जिले के पत्रकारों को एक मंच पर लाकर उनके हितों और समस्याओं को मजबूती से उठाना संगठन का मुख्य उद्देश्य है।
कर्मठ पत्रकारों को कार्यकारिणी में मिलेगा स्थान
धरणी ने बताया कि जिला कार्यकारिणी का गठन जल्द किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी नवनियुक्त जिला प्रधान शैलेंद्र चौधरी को सौंपी गई है। वह संगठन मंत्री मेवा सिंह राणा के साथ मिलकर सक्रिय और कर्मठ पत्रकारों को संगठन से जोड़ेंगे। इसके लिए कुरुक्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शैलेंद्र चौधरी ने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। कार्यकारिणी में ईमानदार, सक्रिय और बेदाग छवि वाले पत्रकारों को शामिल किया जाएगा।
बीमा और उपचार में भी मिलता है सहयोग
राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने कहा कि एसोसिएशन पत्रकारों की सुरक्षा और कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। संगठन की ओर से दुर्घटना बीमा, कैशलेस चिकित्सा बीमा, टर्म इंश्योरेंस और फैमिली शील्ड जैसी योजनाओं के माध्यम से पत्रकारों को सुरक्षा उपलब्ध करवाई जा रही है। जरूरतमंद पत्रकारों को उपचार के लिए आर्थिक सहायता देने के साथ पत्रकारों के निधन पर उनके परिवारों की भी मदद की जाती है।
एआई कार्यशाला से तकनीकी रूप से दक्ष होंगे पत्रकार
धरणी ने बताया कि एसोसिएशन राष्ट्रीय स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) विषय पर कार्यशाला आयोजित करने की तैयारी कर रही है। इसमें पत्रकारों को आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और पत्रकारिता में एआई की उपयोगिता की जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला को किसी पर्यटन स्थल या हिल स्टेशन पर आयोजित करने की योजना है, ताकि प्रशिक्षण के साथ पत्रकारों को व्यस्त दिनचर्या से राहत और आपसी संवाद का अवसर भी मिल सके।
24 अक्टूबर को होगी पत्रकारों की बैठक
कुरुक्षेत्र में 24 अक्टूबर को आयोजित बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी पत्रकारों को संबोधित करेंगे। बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकारों के कल्याण और जिला इकाई को मजबूत बनाने से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।