Edited By Manisha rana, Updated: 12 Jun, 2026 05:20 PM

अंबाला साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के कानपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान छत्तीसगढ़ के सुधीर साहू और उसके मैनेजर तुकेशवर्धन के रूप में हुई है।
अंबाला (अमन कपूर) : अंबाला साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के कानपुर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान छत्तीसगढ़ के सुधीर साहू और उसके मैनेजर तुकेशवर्धन के रूप में हुई है। यह पूरा खेल तब उजागर हुआ जब अंबाला के ही एक बुजुर्ग एक्स-सर्विसमैन से इन ठगों ने दोस्ती और शादी का झांसा देकर 7.50 लाख रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली।

पीड़ित की शिकायत पर मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस ने जाल बिछाया और सीधे कानपुर में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर पर धावा बोल दिया। पुलिस के मुताबिक ये आरोपी बेहद शातिर तरीके से काम करते थे। सोशल मीडिया पर फेक प्रोफाइल बनाकर ये बुजुर्गों से संपर्क साधते थे। गिरोह का मैनेजर तुकेशवर्धन लड़की की आवाज में बात करने में माहिर था। वह फोन पर मीठी-मीठी बातें कर बुजुर्गों को शादी और गहरी दोस्ती के झांसे में लेता था, फिर अलग-अलग बहानों से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लेता था। कानपुर में दी गई दबिश के दौरान पुलिस ने इस गिरोह के पास से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल इस ठगी के रैकेट को चलाने के लिए किया जा रहा था, जिसमें 19 कीपैड फोन, 10 एंड्रॉयड फोन व 1 टैब बरामद किया है।
आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस
वहीं पुलिस अब इन आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने अब तक देश भर में और कितने बुजुर्गों को अपनी इस मीठी आवाज के जाल में फंसाकर चूना लगाया है। साइबर पुलिस ने अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अंजान व्यक्ति पर भरोसा न करें और कोई भी वित्तीय लेन-देन करने से पहले सावधानी जरूर बरतें।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)