Edited By Isha, Updated: 16 Aug, 2026 05:56 PM

हरियाणा में महिला खिलाड़ियों को बड़े मंच उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। पंचकूला के टी.डी.एल. स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के वॉलीबॉल कोर्ट में 18 अगस्त को पहली गुरु रविदास
चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा में महिला खिलाड़ियों को बड़े मंच उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। पंचकूला के टी.डी.एल. स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के वॉलीबॉल कोर्ट में 18 अगस्त को पहली गुरु रविदास ट्रॉफी नॉर्थ जोन गर्ल्स वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस प्रतियोगिता में उत्तर भारत की आठ प्रमुख महिला वॉलीबॉल टीमें हिस्सा ले रही हैं। हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और दिल्ली की टीमें इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला वॉलीबॉल खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करना है।
पहले दिन दो मुकाबलों से होगी प्रतियोगिता की शुरुआत
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 18 अगस्त को सुबह 11 बजे BSF पुलिस, दिल्ली और स्पोर्ट्स हॉस्टल जुब्बल, हिमाचल प्रदेश के बीच खेला जाएगा। इसके बाद कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी, हरियाणा और पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला, पंजाब की टीमें आमने-सामने होंगी।
ओपनिंग सेरेमनी के दौरान मुख्य अतिथि विपुल गोयल प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी आठ टीमों की खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करेंगे और उनका उत्साहवर्धन करेंगे। इस दौरान खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और अर्जुन अवॉर्डी की मौजूदगी बढ़ाएगी आयोजन की गरिमा
उद्घाटन समारोह में खेल जगत से जुड़े कई प्रतिष्ठित चेहरे भी मौजूद रहेंगे। हरियाणा के अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी और अर्जुन अवॉर्डी अमीर सिंह विशेष रूप से समारोह में शामिल होंगे। उनके अलावा अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी एवं भीम अवॉर्डी सूबे सिंह और दिनेश सिंह भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएंगे।
समारोह में हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्ष बंतो कटारिया, पंचकूला जिला भाजपा अध्यक्ष अजय मित्तल, पंचकूला के मेयर श्याम लाल बंसल, पूर्व मेयर एवं हरियाणा शिवालिक बोर्ड के अध्यक्ष कुलभूषण गोयल तथा ओम प्रकाश देवी नगर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन की देखरेख में आयोजन
टूर्नामेंट का आयोजन हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) की देखरेख में किया जा रहा है। एसोसिएशन की चेयरपर्सन लतिका शर्मा, वाइस चेयरपर्सन रंजीता मेहता और सेक्रेटरी जनरल अमरजीत कुमार उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करेंगे। प्रतियोगिता के तकनीकी संचालन की जिम्मेदारी वॉलीबॉल कोच करुणा चौहान, सुभाष चंद और अनिल आर्य को दी गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए तकनीकी और प्रबंधन टीम द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आठ टीमों के बीच होगी खिताबी जंग
पहली गुरु रविदास ट्रॉफी में उत्तर भारत की कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं।
- कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी, हरियाणा
- SAI टीम, धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश
- स्पोर्ट्स हॉस्टल, जुब्बल, शिमला, हिमाचल प्रदेश
- पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला, पंजाब
- BSF पुलिस, दिल्ली
- चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, मोहाली
- पंचकूला कोचिंग सेंटर
- अमरावती बैशर्स, हरियाणा
महिला खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच देने की पहल
आयोजकों का मानना है कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे। खासतौर पर उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों और संस्थानों की मजबूत टीमों के एक मंच पर आने से खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त होगा।
पंचकूला में आयोजित होने वाली यह पहली गुरु रविदास ट्रॉफी महिला वॉलीबॉल के क्षेत्र में नई पहल के रूप में देखी जा रही है। प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों के साथ अनुभवी खिलाड़ी भी अपनी टीमों को मजबूती देंगी। ऐसे में मुकाबलों में रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने की उम्मीद है।
आयोजकों ने खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। प्रतियोगिता के माध्यम से न केवल खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा, बल्कि उत्तर भारत में महिला वॉलीबॉल को और मजबूत आधार देने की दिशा में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।