Edited By Isha, Updated: 21 Mar, 2026 02:14 PM

हरियाणा की राजनीति के दिग्गज परिवार से ताल्लुक रखने वाले और जजपा के राष्ट्रीय महासचिव देवेंद्र कादियान को कुख्यात अमित भाऊ गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली है। बदमाशों ने उनसे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है
पानीपत: हरियाणा की राजनीति के दिग्गज परिवार से ताल्लुक रखने वाले और जजपा के राष्ट्रीय महासचिव देवेंद्र कादियान को कुख्यात अमित भाऊ गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली है। बदमाशों ने उनसे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है और पैसा न देने पर उनके बच्चों तथा फार्म हाउस को निशाना बनाने की चेतावनी दी है। पानीपत के थाना चांदनी बाग पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीआईए (CIA) को सौंप दी गई है।
सेक्टर-11 निवासी देवेंद्र कादियान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 मार्च की देर रात जब वह एक शादी समारोह में थे, तब उनके व्हाट्सएप पर एक विदेशी नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को अमित भाऊ गैंग का सदस्य बताया और 5 करोड़ रुपये का प्रबंध करने को कहा। इसके बाद अगले दिन एक डेढ़ मिनट का ऑडियो मैसेज भी आया, जिसमें उनके बच्चों की सुरक्षा और फार्म हाउस की पूरी रेकी होने का दावा किया गया।
देवेंद्र कादियान, जो पूर्व स्पीकर सतबीर कादियान के पुत्र हैं, ने आरोप लगाया कि करीब आठ महीने पहले उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई थी। उन्होंने हरियाणा पुलिस और पूर्व डीजीपी के आदेशों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा मंत्रियों के करीबियों और विधायकों को 4-5 गनमैन दिए गए हैं, जबकि मुझे बार-बार धमकी मिलने के बावजूद सुरक्षा नहीं दी जा रही। अगर सरकार ने सुरक्षा मुहैया नहीं कराई, तो मैं पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाऊंगा।"
सुरक्षा में कटौती और लगातार मिल रही धमकियों के बीच देवेंद्र कादियान ने अब अपने घर और परिवार की सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षा कर्मी (Private Bouncers) तैनात कर लिए हैं। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को फेल बताते हुए कहा कि बदमाश अब सरेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।