अम्बाला छावनी के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों के लिए मिलेंगे 1-1 करोड़ रुपये : ऊर्जा मंत्री अनिल विज

Edited By Krishan Rana, Updated: 15 Jun, 2026 08:43 PM

every ward of ambala cantonment will get rs 1 crore for development works energ

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी नगर परिषद के सभी 32 वार्डों में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रत्येक वार्ड को

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी नगर परिषद के सभी 32 वार्डों में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रत्येक वार्ड को एक-एक करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि संबंधित द्वारा अपने-अपने वार्डों की विकास आवश्यकताओं के अनुसार प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसके आधार पर यह राशि शीघ्र जारी की जाएगी ताकि स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा सके।

विज आज चण्डीगढ़ में अम्बाला छावनी नगर परिषद द्वारा संचालित एवं प्रस्तावित विकास परियोजनाओं की समीक्षा के लिए आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, निदेशक श्री मुकुल कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अम्बाला छावनी में चल रही एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अवगत कराया कि सुभाष पार्क में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ई-लाइब्रेरी के निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है तथा इस परियोजना पर शीघ्र कार्य आरंभ किया जाएगा। इस पर श्री विज ने निर्देश दिए कि ई-लाइब्रेरी का निर्माण वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जाए तथा उसमें डिजिटल शिक्षण, अध्ययन एवं अन्य आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। श्री विज ने बताया कि अम्बाला छावनी के रामबाग रोड पर एक आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

बैठक में सुभाष पार्क में स्क्वैश कोर्ट के निर्माण संबंधी परियोजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस परियोजना का कॉन्सेप्ट डिजाइन एवं विस्तृत अनुमान तैयार किया जा रहा है तथा शीघ्र ही आगे की कार्रवाई प्रारम्भ की जाएगी। इसके अतिरिक्त कम्पोजिट इंटीग्रेटेड डेयरी कॉम्प्लेक्स, पशु चिकित्सालय तथा अन्य आधारभूत ढांचागत विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। श्री विज ने संबंधित अधिकारियों को इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में अम्बाला छावनी के नन्हेड़ा, मिलाप नगर, रांगिया मंडी, आनंद विहार एवं आसपास के क्षेत्रों में सीवरेज व्यवस्था के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों ने बताया कि इन क्षेत्रों में सीवरेज कार्यों के लिए शीघ्र ही निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी, जिससे लंबे समय से लंबित इस आवश्यकता को पूरा किया जा सके।

इसके अलावा, अम्बाला छावनी में प्रस्तावित फ्रेट कॉरिडोर परियोजना तथा नगर परिषद के नए भवन के निर्माण संबंधी विषयों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। श्री विज ने निर्देश दिए कि नगर परिषद भवन का निर्माण भविष्य की प्रशासनिक आवश्यकताओं, आधुनिक सुविधाओं तथा नागरिक सेवाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुए किया जाए। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि भवन का डिजाइन और निर्माण इसी दृष्टिकोण के अनुरूप किया जाएगा।

बैठक में विज ने अम्बाला छावनी में व्यापक स्तर पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि अम्बाला छावनी सामरिक एवं रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है, इसलिए यहां नागरिक सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर परिषद के माध्यम से सीसीटीवी कैमरों की स्थापना का कार्य शीघ्र शुरू किया जाए। इस पर अधिकारियों ने जानकारी दी कि अम्बाला छावनी में आधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली स्थापित करने के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की जा चुकी है, जिसे स्वीकृति हेतु सरकार को भेजा जाएगा।

बैठक में अम्बाला छावनी के समग्र एवं योजनाबद्ध विकास से संबंधित अन्य परियोजनाओं एवं योजनाओं की भी समीक्षा की गई।  विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाई जाए ताकि आम नागरिकों को शीघ्र लाभ मिल सके।

बैठक में नगर परिषद अम्बाला छावनी के कार्यकारी अधिकारी देवेन्द्र नरवाल सहित परिषद एवं विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!