महेंद्रगढ़ में देर रात एनकाउंटर, पुलिस और गुलेल गैंग के बीच चली ताबड़तोड़ गोलियां; 7 बदमाश चढ़े हत्थे

Edited By Harman, Updated: 22 May, 2026 12:17 PM

encounter between the police and criminals in mahendragarh

पुलिस की सीआईए टीम और कच्छाधारी गुलेल गैंग के बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कुल सात आरोपियों को पुलिस ने काबू कर लिया। घायल बदमाशों को महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल...

महेंद्रगढ़ (प्रदीप बालरोडिया) : पुलिस की सीआईए टीम और कच्छाधारी गुलेल गैंग के बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कुल सात आरोपियों को पुलिस ने काबू कर लिया। घायल बदमाशों को महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार पारदी गुलेल गैंग के सदस्य ट्रेन से महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे थे और वहां से छाजूपुरम कॉलोनी की तरफ घुस गए। इसकी सूचना मिलते ही सीआईए महेंद्रगढ़ व नारनौल और थाना शहर महेंद्रगढ़ की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई और बदमाशों का पीछा शुरू किया। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर बदमाश हुड्डा सेक्टर की ओर भाग गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। 

प्रारंभिक जानकारी अनुसार आमने-सामने हुई गोलीबारी में पुलिस की ओर से आठ राउंड फायर किए गए, जबकि बदमाशों की तरफ से चार राउंड फायर हुए। मुठभेड़ के दौरान गैंग के दो सदस्य गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुनील पुत्र पट्ठा सिंह, वीरेंद्र उर्फ भूत पुत्र हरि सिंह, अभय पुत्र जॉनी, चांद पुत्र आकाश, मनीराम पुत्र राम रतन, विजय पुत्र दुर्गा और अर्जुन पुत्र दुर्गा के रूप में हुई है। सभी आरोपी मध्य प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में विजय पुत्र दुर्गा पर पंद्रह हजार रुपये और चांद पुत्र आकाश पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। स्थानीय पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कच्छाधारी गुलेल गैंग ने पिछले कुछ समय से महेंद्रगढ़ क्षेत्र में दहशत फैला रखी थी।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!