Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 17 Feb, 2026 05:25 PM

अगर आप भी ऑनलाइन ऐप के जरिए खाना ऑर्डर करने के बाद उसे डिलीवरी बॉय के कहने पर कैंसिल करते हो तो सावधान हो जाओ। ऐसा न हो कि इस कार्य के लिए आपको डिलीवरी बॉय के साथ-साथ जेल की हवा भी खानी पड़ जाए।
गुड़गांव, (ब्यूरो): अगर आप भी ऑनलाइन ऐप के जरिए खाना ऑर्डर करने के बाद उसे डिलीवरी बॉय के कहने पर कैंसिल करते हो तो सावधान हो जाओ। ऐसा न हो कि इस कार्य के लिए आपको डिलीवरी बॉय के साथ-साथ जेल की हवा भी खानी पड़ जाए। ऐसा ही एक मामला गुड़गांव में सामने आया है जहां पुलिस ने डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया है। यह डिलीवरी बॉय ग्राहकों के ऑर्डर किए गए खाने को पहले कैंसिल कराता था और फिर यह खाना आधे दाम पर उन्हें देकर आधी रकम खुद रख लेता था। आरोपी की पहचान मोनू (उम्र-30 वर्ष, शिक्षा-10वी ) निवासी डाणी वर्मन बरवाला, जिला हिसार (हरियाणा) के रूप में हुई।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी रेपिडो कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता है व आरोपी द्वारा स्विगी कंपनी के माध्यम से रेस्टोरेंट से ऑर्डर को लेकर उपभोक्ता को डिलीवर करने के दौरान उपभोक्ता को कॉल करके ऑर्डर को कैंसिल करवाकर ऑर्डर को आधे दामों में उसी उपभोक्ता को डिलीवर कर देता था तथा उपभोक्ता द्वारा दिए ऑर्डर के रुपए अपने पास रख लेता था। आरोपी ने इस प्रकार से ठगी करके लगभग 10 हजार रूपये से अधिक रूपये प्राप्त कर चुका है। आरोपी को मामले की जांच में शामिल किया गया है। मामले की जांच जारी है।
आपको बता दें कि 20 अगस्त को स्विगी कंपनी के प्रतिनिधि ने साइबर थाना ईस्ट पुलिस को शिकायत के माध्यम से बताया कि इनकी कंपनी (स्विगी) एक खाना उपलब्ध करवाने की सर्विस प्रदान करती है। कम्पनी द्वारा रेस्टोरेंट से खाने उठाने से लेकर उपभोक्ता तक पहुंचाने के लिए कंपनी द्वारा रेपिडो को डिलीवरी पार्टनर बनाया हुआ है। रेपिडो के डिलीवरी बॉयज द्वारा कंपनी (स्विगी) के खाने के ऑर्डर रेस्टोरेंट से रिसीव करके उस ऑर्डर को उपभोक्ता को गलत कारण बताकर ऑर्डर कैंसल करके ठगी की जाती है। शिकायत पर केस दर्ज कर जांच करते हुए पुलिस ने इस डिलीवरी बॉय को काबू कर लिया है।