Edited By Gourav Chouhan, Updated: 20 Aug, 2022 05:55 PM
उन्होंने कहा कि कोई माई का लाल आज मनोहर लाल पर भ्रष्टाचार का दाग नहीं लगा सकता। राजनाथ सिंह ने कहा कि 8 साल के कार्यकाल में हरियाणा की मनोहर सरकार ने रिकॉर्ड स्तर पर नौकरियां दी हैं।
पंचकूला(धरणी/उमंग): केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पंचकूला में भाजपा के नवनिर्मित प्रदेश स्तरीय कार्यालय "पंच कमल" का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ और गृह मंत्री अनिल विज समेत प्रदेश बीजेपी के कई मंत्री इस मौके पर मौजूद रहे। शहर के सकेतड़ी में बना भाजपा का कार्यालय पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत जिलों में भाजपा की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र होगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जमकर की तारीफ
पंच कमल का उद्घाटन करने के बाद रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि कोई माई का लाल आज मनोहर लाल पर भ्रष्टाचार का दाग नहीं लगा सकता। राजनाथ सिंह ने कहा कि 8 साल के कार्यकाल में हरियाणा की मनोहर सरकार ने रिकॉर्ड स्तर पर नौकरियां दी हैं। विपक्ष अगर चाहे तो आंकडे उठाकर देख ले। उन्होंने कहा कि मैं यह नहीं कहता कि भ्रष्टाचार पूरी तरह खत्म हो गया है। लेकिन भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए शिखर से शुरुआत होनी चाहिए। आज प्रधानमंत्री मोदी जी की तरह मुख्यमंत्री मनोहर लाल की छवि भी पूरी तरह साफ है।
राजनाथ ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की पॉलिसी की तारीफ की
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले यह कहा जाता था कि यदि ऊपर से 100 पैसे नीचे भेजते हैं, तो जनता तक केवल 15 पैसे ही पहुंचते हैं। लेकिन आज किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके बैंक खाते में मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के लिए जो 6 हजार भेजती है, वो किसानों तक पूरे पहुंचते हैं। आज से पहले ऐसा कभी नहीं हुआ था। रक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा के अलावा 14 फसलों पर एमएसपी कहीं नहीं दिया जाता। यही नहीं 72 घंटों के भीतर किसानों की पेमेंट का भुगतान हो जाता है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)