झज्जर-गुरुग्राम रोड पर दो युवकों के शव मिलने से मचा हड़कंप, शरीर पर मिले चोट के निशान

Edited By Harman, Updated: 06 Jul, 2026 10:51 AM

dead bodies of two youths were found on jhajjar gurugram road

हरियाणा के झज्जर से एक सनसनीखेज खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां झज्जर-गुरुग्राम रोड पर दो युवकों के शव मिलने से हड़कंप मच गया है।

झज्जर (दिनेश मेहरा) : झज्जर-गुरुग्राम रोड पर सोमवार सुबह दो अज्ञात युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव सहवाग स्कूल के सामने सड़क किनारे पड़े मिले। मृतकों के शरीर पर तेजधार हथियार से किए गए वार के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के पास वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं,जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां लाकर फेंके गए हैं।घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस,सीआईए,स्पेशल स्टाफ और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस ने आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।सदर थाना झज्जर के एसएचओ परमजीत सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि झज्जर-गुरुग्राम रोड पर सहवाग स्कूल के सामने दो लोगों के शव पड़े हैं। मौके पर पहुंचने पर दोनों के शरीर पर तेजधार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि दोनों की हत्या किसी अन्य जिले या प्रदेश में कर शवों को यहां लाकर फेंका गया है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों और पड़ोसी जिलों से भी गुमशुदगी संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। एसएचओ ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं,जो हर पहलू से जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!