जेन-जी के बीच सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प, प्रदेशभर में 20 हजार कार्यक्रमों का लक्ष्य- डॉ अर्चना गुप्ता

Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 04 Aug, 2026 07:37 PM

commitment to strengthening social and ethical values  among gen z

भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती को सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव के व्यापक संदेश के रूप में प्रदेश के हर घर और जन-जन तक पहुंचाएगी।

गुड़गांव, (ब्यूरो): भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती को सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव के व्यापक संदेश के रूप में प्रदेश के हर घर और जन-जन तक पहुंचाएगी। इसके साथ ही पार्टी जेन-जी यानी युवा पीढ़ी के बीच भारतीय संस्कृति में निहित शिष्टाचार, सभ्यता, मर्यादा और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए विशेष जनजागरण अभियान चलाएगी। पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में युवाओं से संवाद कर सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों के महत्व पर चर्चा करेंगे।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।


गुरुग्राम स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘गुरु कमल’ में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा की उपस्थिति में प्रदेश पदाधिकारियों, सभी जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों तथा एससी मोर्चा के सभी जिलाध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा, सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा युवाओं के बीच सकारात्मक सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।



संत रविदास का संदेश किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा का प्रयास है कि संत रविदास महाराज के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को किसी एक समाज या वर्ग तक सीमित न रखा जाए। यह संदेश समस्त मानवता के लिए प्रासंगिक है। इसलिए प्रदेश के मंदिरों, आश्रमों, छात्रावासों, गांवों, गलियों और विशेष रूप से विद्यार्थियों एवं युवाओं तक संत रविदास के विचारों को पहुंचाने का व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को जाति-पंथ और वर्गों में बांटने की राजनीति के बजाय सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और समरसता को मजबूत करने की दिशा में काम करती है। पार्टी के लिए संगठन से ऊपर राष्ट्रहित और समाजहित सर्वाेपरि है।
 

डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में अब तक 1,831 कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं और भाजपा का लक्ष्य प्रदेशभर में 20 हजार कार्यक्रम आयोजित करने का है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सामाजिक समरसता के संकल्प को और मजबूत किया जाएगा। संत रविदास की 650वीं जयंती को लेकर भाजपा द्वारा प्रदेशभर में व्यापक कार्यक्रमों की रूपरेखा पहले ही तैयार की जा चुकी है।
 

युवाओं के बीच शिष्टाचार और सभ्यता का संदेश लेकर पहुंचेगी भाजपा

बैठक में जेन-जी के नाम पर बढ़ती असंयमित राजनीतिक भाषा और सार्वजनिक संवाद के गिरते स्तर पर भी चर्चा हुई। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन असहमति को गाली-गलौज, व्यक्तिगत अपमान और अभद्र भाषा में बदलना स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने व्यक्तिगत टिप्पणियों और अपमानजनक भाषा के बावजूद जिस धैर्य, संयम और सहनशीलता का परिचय दिया है, वह सार्वजनिक जीवन के लिए एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। भाजपा अब युवाओं के बीच यह संदेश लेकर जाएगी कि भारतीय और सनातन संस्कृति में शिष्टाचार, मर्यादा, सम्मान और सभ्यता को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के इस अभियान को मिशन मोड में आगे बढ़ाएगा। प्रदेश के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और अन्य युवा केंद्रों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं के साथ चर्चा की जाएगी कि स्वस्थ समाज और मजबूत लोकतंत्र के लिए संवाद की भाषा में सम्मान एवं मर्यादा क्यों आवश्यक है।

एसआईआर को लेकर बूथ स्तर तक सक्रिय रहेगा संगठन
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के दौरान मतदाता सूची को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ तथा प्रत्येक परिवार तक पहुंच बनाकर पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल रखना तथा मृत, स्थानांतरित, डुप्लीकेट अथवा अन्य अपात्र प्रविष्टियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत ठीक करना है। हर पात्र मतदाता को अपने नाम और विवरण की जांच करनी चाहिए तथा किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से दावा या सुधार प्रस्तुत करना चाहिए।
 

हरियाणा में एसआईआर के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता चिह्नित हुए हैं जिनकी प्रविष्टियां स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित, मृत या डुप्लीकेट जैसी श्रेणियों में आई हैं। निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पात्र मतदाताओं को अपने नाम की स्थिति जांचने और निर्धारित अवधि में आवश्यक दावा अथवा सुधार प्रस्तुत करने का अवसर उपलब्ध है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी वास्तविक और पात्र मतदाता का नाम प्रक्रिया की जानकारी के अभाव में छूट न जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया के बारे में तथ्यात्मक जानकारी देने और उन्हें निर्धारित प्रपत्रों एवं आधिकारिक माध्यमों के उपयोग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने संत रविदास महाराज के समरसता संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने, युवाओं में सकारात्मक सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने तथा मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर नागरिकों को जागरूक करने के लिए संगठन को और अधिक सक्रिय करने का संकल्प लिया।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!