Edited By Krishan Rana, Updated: 05 Apr, 2026 03:40 PM

कुरुक्षेत्र में घर बैठे पैसे कमाने का लालच देकर एक AC मैकेनिक से लाखों की साइबर ठगी
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र में घर बैठे पैसे कमाने का लालच देकर एक AC मैकेनिक से 4.58 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने टेलीग्राम के जरिए संपर्क कर उसे टास्क पूरा करने और रेटिंग देने के बदले पैसे कमाने का झांसा दिया। बाद में टैक्स और अन्य चार्ज के नाम पर उससे बार-बार पैसे ट्रांसफर करवा लिए।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र थानेसर के गोशाला बाजार निवासी समीर खान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह AC मैकेनिक का काम करता है। उसकी टेलीग्राम आईडी पर “MARAL” नाम से मैसेज आया, जिसमें घर बैठे आसानी से पैसे कमाने का ऑफर दिया गया था।
मैसेज में बताया गया कि कुछ टास्क पूरे करने होंगे, जिनके बदले पैसे मिलेंगे। इसके बाद उसे लिंक भेजे जाते थे, जिन्हें खोलकर गूगल मैप पर स्टार रेटिंग देनी होती थी। करीब 10 से 15 दिन तक यही सिलसिला चलता रहा। इसी दौरान ठगों ने उसका एक अकाउंट बनाकर उसमें करीब 8 लाख रुपये दिखाने शुरू कर दिए।
जब समीर ने पैसे निकालने की कोशिश की तो ठगों ने उससे टैक्स जमा कराने की बात कही। इसके बाद अलग-अलग UPI आईडी भेजकर उससे पैसे ट्रांसफर कराते रहे। इस दौरान पीड़ित ने कुल 4.58 लाख रुपये से अधिक की रकम उनके खातों में ट्रांसफर कर दी।
इतनी रकम भेजने के बाद अचानक उसका अकाउंट और टेलीग्राम आईडी बंद कर दी गई। पीड़ित ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन ठगों की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने साइबर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और पैसों के ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)