Edited By Isha, Updated: 27 Aug, 2026 08:30 AM

हांसी में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ डीटीपी विभाग ने बुधवार को कार्रवाई की। ढाणी-राजू रोड पर लगभग छह एकड़ में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी में बनाई गई सड़कों और अन्य
हांसी(संदीप सैनी): हांसी में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ डीटीपी विभाग ने बुधवार को कार्रवाई की। ढाणी-राजू रोड पर लगभग छह एकड़ में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी में बनाई गई सड़कों और अन्य निर्माण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान डीटीपी कार्यालय की फील्ड इंस्पेक्टर सपना, अन्य कर्मचारी, ड्यूटी मजिस्ट्रेट नगर परिषद के एमई जयवीर सिंह और पुलिस बल मौजूद रहे। फील्ड इंस्पेक्टर सपना ने बताया कि इस कॉलोनी में कुछ समय पहले भी अवैध निर्माण गिराया गया था।

इसके बावजूद, दोबारा सड़कें और अन्य ढांचागत निर्माण का काम शुरू कर दिया गया था। शिकायत मिलने पर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीदने या निवेश करने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें। बिना जांच के निवेश करने पर भविष्य में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अतिरिक्त, डीटीपी विभाग ने हिसार-हांसी नेशनल हाईवे पर स्थित एक होटल पर भी कार्रवाई की। फील्ड इंस्पेक्टर ने स्पष्ट किया कि हाईवे किनारे ढाबा या होटल संचालित करने के लिए निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति सभी आवश्यक नियम पूरे करता है और ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से विभाग से आवश्यक मंजूरी प्राप्त करता है, तो उसे नियमानुसार अनुमति दी जाती है। विभाग ने लोगों से नियमों की अनदेखी कर निर्माण न करने की अपील की।