Edited By Isha, Updated: 17 Aug, 2025 01:24 PM

हरियाणा के सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में 19 अगस्त को भाजपा ने संगठन की बैठक बुलाई है।
चंडीगढ़: हरियाणा के सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में 19 अगस्त को भाजपा ने संगठन की बैठक बुलाई है। बैठक सीएम नायब सैनी के चंडीगढ़ स्थित आवास पर होगी, जिसमें हारे हुए उम्मीदवारों, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और प्रदेश पदाधिकारियों को बुलाया गया है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली भी उपस्थित रहेंगे।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य हरियाणा विधानसभा चुनाव में हारी हुई सीटों को लेकर मंथन करना है। ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में इन सीटों पर विजय पाई जा सके। इसके अलावा सरकार और संगठन से जुड़े कई मुद्दों पर इस बैठक में चर्चा होगी। इसके बाद पंचकूला में बीजेपी कार्यालय में मन की बात कमेटी भी मीटिंग होगी।
भाजपा ने अभी से 2029 के चुनाव की तैयारी आरंभ कर दी है। भाजपा ने राज्य के उन सभी 42 विधानसभा क्षेत्रों में 12 मंत्रियों और 30 विधायकों को प्रभारी बनाया है, जहां साल 2024 में भाजपा चुनाव हारी थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण समेत छह भाजपा विधायकों को हारे हुए विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी से अलग रखा गया है।
राज्य में विधानसभा सीटों का परिसीमन भी होना बाकी है। 90 विधानसभा सीटों की संख्या बढ़कर 126 होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस लिहाज से भी मंत्रियों एवं विधायकों को हारे हुए विधानसभा क्षेत्रों में काम करने की जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को सिरसा, डॉ. अरविंद शर्मा को गढ़ी सांपला किलोई और महिपाल ढांडा को गुहला चीका विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी मिली है। राजस्व मंत्री विपुल गोयल रोहतक संभालेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पुराने विधानसभा क्षेत्र नारायणगढ़ की जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा को सौंपी गई है। चौटाला के प्रभाव वाले सिरसा एवं फतेहाबाद क्षेत्रों में भाजपा ने तीन मंत्रियों को मोर्चाबंदी करने का जिम्मा सौंपा है। सिरसा शहर में समाज कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, ऐलनाबाद में सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी एवं डबवाली की जिम्मेदारी खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम को सौंपी गई है।