Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 24 Sep, 2024 07:54 PM
![naveen goyal has the power to stop bjp and congress anuradha sharma](https://img.punjabkesari.in/multimedia/914/0/0X0/0/static.punjabkesari.in/2024_9image_19_54_22297324322-ll.jpg)
आम आदमी पार्टी की नेता अनुराधा शर्मा ने दिया नवीन गोयल को समर्थन भाजपा की महिला प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुकी हैं अनुराधा शर्मा -नवीन गोयल ने पटका पहनाकर व पौधा भेंट कर अनुराधा शर्मा का लिया आशीर्वाद
गुड़गांव, (ब्यूरो): नवीन गोयल को समर्थन की श्रृंखला में अब आम आदमी पार्टी की महिला नेत्री अनुराधा शर्मा ने भी समर्थन देकर उनकी जीत के लिए आशीर्वाद दिया है। सेक्टर-17 स्थित श्री माधव सेवा केंद्र में नवीन गोयल ने अनुराधा शर्मा को पटका पहनाकर व पौधा भेंटकर करके समर्थन स्वीकार करते हुए उनका आशीर्वाद लिया।
इस दौरान पत्रकार वार्ता में अनुराधा शर्मा ने कहा कि विधानसभा के इस चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस को रोकने की ताकत अगर किसी में है तो वह नवीन गोयल ही हैं। वे निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर भले ही चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन उनकी राजनीतिक जमीन बहुत मजबूत है। भाजपा की अनदेखी का शिकार हुए नवीन गोयल ने हिम्मत दिखाकर 36 बिरादरी के आशीर्वाद से चुनाव लडऩे का निर्णय लिया।
अनुराधा शर्मा ने कहा कि गुडग़ांव को बेहतर बनाने के नवीन गोयल के विजन को देखते हुए ही उन्होंने समर्थन करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि जिसके साथ अन्याय होता है, वे उसके साथ खड़ी होती हैं। जब उमेश अग्रवाल के साथ हुआ तो वे उनके साथ गई। अब बीजेपी ने नवीन गोयल के साथ अन्याय किया है, इसलिए इनके साथ खड़ी हूं। अनुराधा शर्मा ने कहा कि इसी गुडग़ांव में एकलव्य का अंगूठा काटा गया था। जिस दिन ऐसा हुआ, उसी दिन से यह तय हो गया था कि सर्वश्रेष्ठ धनुर्धारी अर्जुन नहीं एकलव्य है। नवीन गोयल की टिकट काटना भी इसी बात को अंगित करता है कि नवीन गोयल गुडग़ांव की आवाज है। बीजेपी का 10 साल तक शासन रहा है। गुडग़ांव की ऐसी दुर्दशा पहले कभी नहीं देखी। हमने दीवाली जैसे त्योहार कूड़े के ढेर पर मनाए हैं। गुडग़ांव के सुधार के लिए नवीन भाई का समर्थन कर रही हूं। आज तक किसी ने बीजेपी के खिलाफ आवाज नहीं उठाई। यह काम नवीन भाई ने किया है। मैं नवीन गोयल को आशीर्वाद और समर्थन देती हूं कि उन्हें विजयश्री मिले, वे विधायक बनें। मैदान में दूसरे उम्मीदवार भी हैं, लेकिन गुडग़ांव के सुधार का उद्देश्य वहां से पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि नवीन गोयल किसी पार्टी के उम्मीदवार नहीं हैं। इसलिए उन्होंने जातिगत, दलगत राजनीति से ऊपर उठकर नवीन गोयल को समर्थन किया है। गुडग़ांंव के विकास के लिए अच्छे आदमी का समर्थन जरूरी है। मैं नवीन भाई के साथ हूं।
हम रोज मजबूत हो रहे हैं: नवीन गोयल
अनुराधा शर्मा का पांव छूकर आशीर्वाद लेते हुए नवीन गोयल ने पत्रकार वार्ता में कहा कि चुनाव में 11 दिन शेष रह गए हैं। हम मजबूती के साथ मैदान में डटे हैं। हम रोज मजबूत हो रहे हैं। अनुराधा शर्मा बहन के समर्थन से यह मजबूती और अधिक हो गई है। विकास गुरुग्राम बेहतर गुरुग्राम बनाने के संघर्ष में हमारा सहयोग देने के लिए गुडग़ांव के प्रभावशाली लोग हमारे साथ आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी को गुडग़ांव में सशक्त, मजबूत बनाने में पहला नाम अनुराधा शर्मा का ही आता है। इनके राजनीतिक, सामाजिक जीवन से मैं मार्गदर्शन लेता हूं। मैनें इनसे अनुरोध किया कि हम बेहतर गुरुग्राम बनाने की सोच लेकर चलें। आप मेरा साथ दें तो और बेहतर होगा। मेरे निवेदन को अनुराधा शर्मा जी ने स्वीकार किया है। इस अवसर पर समाजसेवी धर्मबीर बागारिया भी मौजूद रहे।
अनुराधा शर्मा का राजनीतिक जीवन परिचय
अनुराधा शर्मा ने अपने राजनीतिक सफर को सांझा करते हुए कहा कि वर्ष 1989 में वे मात्र 21 साल की उम्र में राजनीति में आई थीं। उन्हें भाजपा गुडग़ांव की महिला जिला अध्यक्ष बनाया गया। उस समय माननीय अटल बिहारी वाजपेयी जी पार्टी के अध्यक्ष थे। उस समय पहली बार पार्टी में महिला सेल बनाया गया था। नरेंद्र मोदी जी ने भी उन्हें यह कहकर जनरल बॉडी गुडग़ांव में अध्यक्ष बनाया था कि क्या कोई महिला इस पद को संभाल सकती है। उन्होंने उस दायित्व को बखूबी निभाया। महिला सेल की वे प्रदेश अध्यक्ष भी बनीं। भाजपा टिकट वितरण कमेटी में सदस्य भी रहीं। महिला मोर्चा में राष्ट्रीय सचिव भी उन्हें बनाया गया। निर्भया कांड के बाद जो महिलाओं के मामलों में एक्ट बना था, उसे लागू करने वाली कमेटी की वे देश, प्रदेश में चेयरपर्सन भी बनाई गई।