कांग्रेस के राज में था गला-सड़ा सिस्टम, भाजपा सरकार ने सिस्टम को सुधारा : मनोहर लाल

Edited By Isha, Updated: 13 Apr, 2024 08:43 AM

was rotten during congress rule bjp government reformed the

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में बीबीसी के नाम से एक उद्योग स्थापित कर रखा था जिसका अर्थ था बदलियां, भर्ती और सीएलयू उद्योग। इस उद्योग के नाम पर मो

चंडीगढ़  (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में बीबीसी के नाम से एक उद्योग स्थापित कर रखा था जिसका अर्थ था बदलियां, भर्ती और सीएलयू उद्योग। इस उद्योग के नाम पर मोटी कमाई की जा रही थी, लेकिन भाजपा ने सत्ता में आने के बाद इस उद्योग को पूरी तरह से बंद कर दिया। पहले शिक्षकों की बदलियां ऑनलाइन की गई और अब हरियाणा के सभी 4 लाख कर्मचारी ऑनलाइन तबादले करवा पाएंगे।

भाजपा सरकार ने नौकरियां मेरिट के आधार पर दी और सीएलयू के सिस्टम को पूरी तरह से पारदर्शी बनाने का काम किया। अब किसी भी काम के लिए किसी भी व्यक्ति को एक रुपया भी खर्च नहीं करना पड़ता। मनोहर लाल शुक्रवार को यहां बरवाला कपास मंडी में हिसार लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रणजीत चौटाला के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास किसी सीट के लिए दावेदार ही नहीं है और अगर कहीं पर दावेदार हैं तो वहां उनके बीच इतनी लड़ाई है कि कांग्रेस अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं कर पा रही है, जिस कारण मैदान अभी तक खाली है। जब तक कांग्रेस अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करेगी तब तक जनता अपना मन बना चुकी होगी और 4 जून को बीजेपी हरियाणा की सभी लोकसभा और करनाल विधानसभा बड़े अंतराल से जीतेगी।

मनोहर लाल ने कहा कि 10 साल नरेंद्र मोदी और साढ़े 9 साल हरियाणा की सरकार ने सिस्टम बदलने का काम किया। किसानों को पहले अपनी जमीन की फर्द लेने के लिए तहसीलदार और पटवारी के चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन सरकार ने इस सिस्टम को बदलकर इसे भी ऑनलाइन कर दिया। लोगों को राशन कार्ड बनवाने के लिए चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन भाजपा सरकार ने उसे ऑनलाइन किया। मरे हुए आदमियों की बुढ़ापा पेंशन कुछ लोग खा रहे थे, लेकिन भाजपा सरकार ने उस पर अंकुश लगाने का काम किया और अब सरकार ने उस चोरी को रोक कर विदुर और कुंवारों की पेंशन शुरू की है। उन्होंने कहा कि 2015 से पहले प्रदेश में केरोसिन के टैंकर आते थे और पेट्रोल और डीजल में मिलाकर उसे बेचा जाता था जिससे लोगों को भारी दिक्कतें होती थी। भाजपा सरकार ने प्रदेश को केरोसिन फ्री प्रदेश बनाने का काम किया। जीएसटी लागू की जिसका कुछ दिन तो विरोध हुआ, लेकिन आज जीएसटी के कारण देश प्रदेश व्यापारी और आम जनता सभी का भला हो रहा है। मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में इंस्पेक्टरी राज खत्म हो गया है। केंद्र सरकार ने गरीबों महिलाओं और युवाओं का बहुत ध्यान रखा है।

सरकार 14 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही

प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के लिए उठाए जा रहे कदमों का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार 14 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है। पूरे देश में कोई भी राज्य ऐसा नहीं है जो इतनी फसलें खरीद करती हो। किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब की तरफ से किसानों का आंदोलन उठना है साबित करता है कि पंजाब का दिवाला पीटा हुआ है। पंजाब में किसानों की दो फसल ही एमएसपी पर खरीदी जा  रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने हरियाणा में जातिवाद की राजनीति को खत्म करने का काम किया है और हरियाणा एक हरियाणवी एक का नारा दिया है। उन्होंने कहा की किसान पहले आढ़ती से पैसे मांगता था, लेकिन सरकार ने इस बात की व्यवस्था की है कि पैसा किसान को न मांगना पड़े। अब फसल का पैसा किसान के खाते में आता है और आढ़ती को जरूरत पड़ने पर किसानों से पैसा लेना पड़ता है।

बिजली की स्थिति पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के लोग कई बार सवाल करते हैं कि हरियाणा में कोई नया बिजली प्लांट नहीं लगाया। खुले दिल से उन्होंने माना कि हमने नया प्लांट नहीं लगाया। उन्होंने कहा कि बिजली बनाने पर करीब सात रुपए यूनिट का खर्चा आता है,जबकि हमें ढाई से 3 रुपए यूनिट में बिजली मिल रही है। फिर हम बिजली का प्लांट क्यों लगाएं? उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए हरियाणा में अब दो नए बिजली प्लांट लगाने का काम किया जा रहा है। विपक्ष द्वारा मुफ्त बिजली देने के वायदे पर तंज कसते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोग बिजली देंगे ही नहीं तो ऐसे में फ्री बिजली का क्या फायदा। वर्तमान सरकार हरियाणा में 24 घंटे बिजली दे रही है और बिजली के रेट पिछले साढ़े 9 साल में कभी नहीं बढ़ाए गए। कुछ क्षेत्रों में बिजली के रेट कम किए गए हैं।

कांग्रेस डूबती नाव
 
विपक्षी गठबंधन को उन्होंने “कहीं की ईंट कहीं का रोड़ा भानमती ने कुनबा जोड़ा“ की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी नाव है, जिसमें बहुत से नेता सवार है और उनमें से एक नेता बिल्कुल पीछे बैठकर नाव में सुराख करने में लगा है। जब उसे कहा गया कि वह यह क्यों कर रहा है नाव डूब जाएगी, तो उसने कहा कि मेरी मर्जी। मनोहर लाल ने बिना किसी का नाम लिए कहा  कि वह लोग भी अब डूबती हुई नाव में सवार हो गए हैं। कुछ लोग कीचड़ में पड़े थे,उनको उठाकर कमल के फूल की सवारी कराई, लेकिन उनको सुगंध रास नहीं आई और वे लोग फिर से कीचड़ में डूबती नैया में बैठ गए हैं।

 
हांसी के व्यापारियों के बीच पहुंचे मनोहर लाल

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल हांसी में व्यापारी संगोष्ठी कार्यक्रम में भी पहुंचे। मनोहर लाल ने क्रांतिकारियों का इतिहास हांसी से जुड़ा होने की बात से अपने संबोधन की शुरूआत करते हुए कहा कि वे अबकी बार मोदी के प्रधानमंत्री के लाइसेंस को रिन्यु करने का काम करें। हिसार लोकसभा से रणजीत चौटाला को जिताने का काम करें। मनोहर लाल ने कहा कि हांसी से अंतर अबकी बार 80 हजार होगा। उन्होंने कहा कि 1990 से उनका यहां पर आना- जाना है और यहां से उनका पुराना जुड़ाव है।

उन्होंने कहा कि पीके चौधरी दबंग विधायक थे। मनोहर ने कहा कि वो 1970 से गरीबी हटाओ का नारा सुनते आ रहे थे। इसी नारे के बलबूते पर कांग्रेस पार्टी सत्ता में आई थी। परंतु भाजपा ने सत्ता में आने के बाद गरीबी हटाने का काम किया। आज दुनिया में मोदी और भारत को एक नाम से पहचाना जाता है। जब भी दुनिया पर कोई मुसीबत आती है तो दुनिया भारत की ओर उम्मीद से देखती है। प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद उन्होंने बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य करवाएं। पहले गला-सड़ा सिस्टम चला आ रहा था। उनकी सरकार ने इस सिस्टम को खत्म करने का काम किया।मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में उनकी सरकार आने के बाद उन्होंने करप्शन को खत्म किया।  प्रदेश में क्राइम कम करने के लिए सख्त नियम बनाए गए।

पुलिस को ट्रेनिंग और छूट दी गई। इससे कुछ लोगों के साथ ज्यादती हुई है। परंतु एक कहावत है कि आटे के साथ घुण भी पिस जाता है। उन्होंने जातिगत राजनीति को खत्म करने का काम किया। इसलिए प्रदेश में हरियाणा एक हरियाणवी एक का नारा दिया। जिस समय जीएसटी लागू की गई उस समय व्यापारियों ने विरोध किया था। परंतु अब व्यापार में आसानी हुई है। मनोहर लाल ने कहा कि उनकी सरकार ने सेवन एस सेवन एक्स के फार्मूले पर काम किया था। आज कई बड़े नेता उनकी पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं।

 

आप“ के जिला अध्यक्ष भाजपा में शामिल
आम आदमी पार्टी के हांसी जिला अध्यक्ष विक्रांत गोयल भाजपा में शामिल हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विक्रांत गोयल को पार्टी का पटका पहनाकर उनका पार्टी में स्वागत किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में नए और पुराने का कोई भेद नहीं है। विक्रांत गोयल को उतना ही सम्मान मिलेगा जितना पुराने कार्यकर्ताओं को मिलता है।

 
 बीरेंद्र को मिलेगा धोखे का फल : सुभाष बराला
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह द्वारा भाजपा छोड़ने को धोखा देना बताया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने बीरेंद्र सिंह को पूरा मान सम्मान दिया। श्री बराला ने कहा कि बीरेंद्र सिंह की पत्नी और उनके बेटे को भी पूरा सम्मान मिला, लेकिन वह भाजपा को धोखा देकर एक बार फिर कांग्रेस में चले गए हैं और आज वह चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। सुभाष बराला ने कहा कि हिसार के लोग बीरेंद्र सिंह को भाजपा को धोखा देने का सबक सिखाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने बिना भेदभाव के विकास कार्य कराए हैं। जनता भाजपा सरकार के कामों से खुश है और तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। हिसार लोकसभा की जनता भाजपा प्रत्याशी रणजीत चौटाला को प्रचंड बहुमत से जीताकर लोकसभा में भेजने के लिए 25 मई का इंतजार कर रही है।

वोट की हकदार केवल बीजेपी : भयाना
हांसी के विधायक विनोद भयाना ने कहा कि 2014 से पहले जितनी समस्याएं लोगों को होती थी उन सभी का समाधान मनोहर लाल जी ने साढ़े 9 साल में कर दिया। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर, नौकरियों में भर्ती, पीला राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड आदि कुछ ऐसे फैसले हैं जिससे प्रदेश के लोगों को भारी लाभ हुआ है।

हर जगह एक ही आवाज कोई मुकाबला नहीं : रणजीत
लोकसभा प्रत्याशी रणजीत चौटाला ने कहा कि आज हरियाणा बिजली के मामले में देश में नंबर वन है। उन्होंने कहा कि आज बात नरेंद्र मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाने की है और हर जगह एक ही बात सुनाई देती है कि भाजपा का कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने किसानों के नेता चौधरी चरण सिंह और चौधरी देवीलाल को याद करते हुए कहा कि इन लोगों को कांग्रेस ने कभी मुख्यमंत्री बनाने का काम नहीं किया बल्कि जब यह लोग कांग्रेस छोड़कर चले गए तो उसके बाद चरण सिंह मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बने और देवीलाल भी उसके बाद मुख्यमंत्री और उप प्रधानमंत्री बने। रणजीत चौटाला ने दावा किया कि 2024 में केंद्र और हरियाणा में भाजपा की सरकार बनना तय है। बरवाला की विजय संकल्प रैली में हरियाणा के मंत्री डॉ कमल गुप्ता, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, विधायक विनोद भयाना, भाजपा के प्रदेश महासचिव सुरेंद्र पूनिया,जिला अध्यक्ष आशा खेदड़,श्रीनिवास गोयल, कैप्टेन भूपेंद्र, वेद नारंग, अमरपाल राणा, रणधीर, नरेश जांगड़ा भी मौजूद थे।
 

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!