Edited By Isha, Updated: 19 Oct, 2026 11:51 AM

हरियाणा के पानीपत शहर से एक बेहद शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। सेक्टर-13-17 थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल की पांच वर्षीय मासूम छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है।
पानीपत: हरियाणा के पानीपत शहर से एक बेहद शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। सेक्टर-13-17 थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल की पांच वर्षीय मासूम छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। वारदात का आरोप बच्ची को स्कूल ले जाने और लाने वाले वैन चालक पर लगा है। पिता की शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ पोक्सो (POCSO) एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चलने में परेशानी हुई तो खुला राज
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, शुक्रवार रात बच्ची ने अपनी मां को बताया कि उसे पिछले दो दिनों से चलने में काफी दर्द और परेशानी हो रही है। जब मां ने लाड-प्यार से बच्ची से इसका कारण पूछा, तो मासूम ने जो बताया उससे परिजनों के पैर तले जमीन खिसक गई। बच्ची ने खुलासा किया कि स्कूल आते-जाते समय वैन चालक उसके साथ गंदी और गलत हरकत करता है।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामला सामने आते ही परिजनों ने बिना देरी किए पुलिस से संपर्क किया। बच्ची के पिता की लिखित शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपी वैन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। स्कूल प्रशासन से भी वैन और चालक के वेरिफिकेशन से जुड़े सवाल-जवाब किए जा रहे हैं।