Edited By Isha, Updated: 20 Oct, 2026 01:58 PM

नवरात्रि और राम नवमी के पावन पर्व पर रेवाड़ी के बावल क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कन्या पूजन का प्रसाद खाने से तीन मासूम बच्चियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
रेवाड़ी: नवरात्रि और राम नवमी के पावन पर्व पर रेवाड़ी के बावल क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कन्या पूजन का प्रसाद खाने से तीन मासूम बच्चियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।मूल रूप से रोहतक के गांव खेड़ी के रहने वाले सतीश कुमार फिलहाल अपने परिवार के साथ रेवाड़ी में रहते हैं। सोमवार को राम नवमी के अवसर पर उनके घर पर कन्या पूजन का आयोजन किया गया था। प्रसाद बनाने के लिए उन्होंने बावल के एक स्थानीय दुकानदार से देशी घी और अन्य खाद्य सामग्री खरीदी थी।
परिजनों के अनुसार, प्रसाद खाने के कुछ ही देर बाद सतीश की 6 वर्षीय पुत्री लीला, पड़ोस की 12 वर्षीय सानिया और डेढ़ वर्षीया साबिया को लगातार उल्टियां होने लगीं और उनकी हालत बिगड़ने लगी। बच्चियों की ऐसी हालत देख परिवार के होश उड़ गए, उन्होंने तुरंत बच्चियों को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद जब पीड़ित परिवार बचा हुआ घी लेकर संबंधित दुकानदार के पास पहुंचा और मामले की शिकायत की, तो दुकानदार ने अपनी गलती मानने के बजाय कथित तौर पर उन्हें धमकी देकर वहां से भगा दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने हिम्मत दिखाते हुए सीधे बावल थाना पहुंचकर दुकानदार के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बावल थाना प्रभारी ने तुरंत एक्शन लिया और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को साथ लेकर आरोपी दुकानदार के प्रतिष्ठान पर छापेमारी (रेड) की। विभाग की टीम ने दुकान से घी के सैंपल (नमूने) भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला (लैब) भेज दिए हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग अब रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।