Edited By Isha, Updated: 06 Mar, 2026 01:01 PM

गांव सौथा में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जंगली गीदड़ ने रिहायशी इलाके में घुसकर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल
कैथल: गांव सौथा में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जंगली गीदड़ ने रिहायशी इलाके में घुसकर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बचाव के लिए आए ग्रामीणों ने जवाबी हमले में गीदड़ को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। पीड़ित परिवार सरस्वती ड्रेन (नहर) के पास रहता है।
परिवार की बहू ने आपबीती बताते हुए कहा, "सुबह करीब छह बजे मैं पशुओं को चारा डालने के बाद दूध निकाल रही थी। तभी अचानक गीदड़ जैसा दिखने वाला एक जंगली जानवर घर के अंदर घुस आया। पहले तो वह चुपचाप बैठ गया, लेकिन इससे पहले कि मैं कुछ समझ पाती, उसने मुझ पर झपट्टा मार दिया।" जानवर को मारा, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। गीदड़ ने महिला के पैर को इतनी बुरी तरह से काटा कि उसकी एड़ी की हड्डी बाहर दिखाई देने लगी। शोर सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य बचाने आए, तो गीदड़ ने उन पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग बड़ी संख्या में लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। परिवार को बचाने के प्रयास में ग्रामीणों ने गीदड़ को घेर लिया और पीट-पीटकर उसे मार गिराया। ग्रामीणों का कहना है कि सरस्वती ड्रेन के किनारे बसे होने के कारण यहाँ अक्सर जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है, लेकिन इस तरह घर में घुसकर हमला करने की यह पहली बड़ी घटना है।