Edited By Krishan Rana, Updated: 25 Aug, 2026 08:50 PM

हरियाणा में ACB ने भ्रष्टाचार पर बड़ा वार करते हुए फरीदाबाद में तैनात ETO
फरीदाबाद (अनिल राठी) : हरियाणा में भ्रष्टाचार पर बड़ा वार करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) फरीदाबाद ने रिश्वतखोरी के मामले में ETO सुरेंद्र पूनिया और उसके ड्राइवर राम बाबू को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि लखनऊ से स्क्रैप लेकर फरीदाबाद पहुंची कंपनी की गाड़ी को छोड़ने के बदले 10 लाख रुपये की पेनल्टी बताकर चार लाख रुपये में मामला निपटाने का सौदा किया गया था। शिकायत के आधार पर एसीबी ने ट्रैप लगाकर ड्राइवर को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
स्क्रैप से भरी गाड़ी पकड़ने के बाद रिश्वत का आरोप
शिकायतकर्ता दिल्ली की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में नौकरी करता है। उसकी जिम्मेदारी कंपनी की गाड़ियों की देखभाल और उनके रूट पास करवाने की है। शिकायत के मुताबिक, 10 अगस्त को ETO सुरेंद्र पूनिया ने लखनऊ से स्क्रैप लेकर आ रही कंपनी की एक गाड़ी को फरीदाबाद में पकड़ लिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसी रात उसकी ETO से मुलाकात हुई। इस दौरान अधिकारी ने गाड़ी पर करीब 10 लाख रुपये की पेनल्टी बनने की बात कही और चार लाख रुपये में गाड़ी छोड़ने का सौदा किया।
PG में हुई मुलाकात, चार लाख देने की बात
शिकायत के अनुसार, 14 अगस्त को सेक्टर-11 स्थित एक PG में शिकायतकर्ता और ETO की मुलाकात हुई। आरोप है कि अधिकारी ने दो लाख रुपये 15 अगस्त के बाद और बाकी दो लाख रुपये दो-चार दिन बाद देने को कहा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अधिकारी ने भरोसा भी दिया कि रकम देने के बाद कंपनी की गाड़ियां नहीं रोकी जाएंगी। इस दौरान ETO का ड्राइवर राम बाबू भी उसके साथ मौजूद रहता था। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने से संबंधित बातचीत की रिकॉर्डिंग भी एसीबी को उपलब्ध कराई।
ACB ने ट्रैप लगाकर पकड़ा
शिकायत की जांच के बाद ACB फरीदाबाद की टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की। शिकायतकर्ता एक लाख रुपये लेकर आरोपी अधिकारी के कार्यालय पहुंचा। आरोप है कि वहां मौजूद ड्राइवर राम बाबू ने ETO की ओर से एक लाख रुपये की रिश्वत ली।इसी दौरान एसीबी टीम ने राम बाबू को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया और रकम बरामद कर ली।
दोनों आरोपियों के खिलाफ FIR
ACB ने ETO सुरेंद्र पूनिया और उसके ड्राइवर राम बाबू को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद थाना में 25 अगस्त को FIR नंबर 19 दर्ज की गई है। पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल एसीबी मामले की जांच कर रही है और रिश्वत की पूरी रकम तथा इस प्रकरण में अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)