हरियाणा: बजट सत्र की तिथि का ऐलान, कृषि-सिंचाई, स्वास्थ्य और परिवहन पर केंद्रित होगा बजट

Edited By Isha, Updated: 08 Feb, 2022 05:40 PM

budget session date announced budget will focus on agriculture irrigation

हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई, जिसमें बजट सत्र की तिथि का ऐलान किया गया है।  प्रदेश में 2 मार्च से बजट का सत्र शुरू होगा। सरकार ने बजट सत्र की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।

चंडीगढ़ (धरणी) : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 2 मार्च से शुरू होगा। इस संबंध में माननीय राज्यपाल और विधानसभा स्पीकर को पत्र भेजा जाएगा। सत्र कितने दिन चलेगा, इसका फैसला बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में होगा। मुख्यमंत्री नववर्ष-2022 में आयोजित हरियाणा कैबिनेट की पहली बैठक के बाद प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि कैबिनेट बैठक में 28 एजेंडा रखे गए थे। इसमें शाहाबाद चीनी मिल को 60 केएलपीडी एथेनॉल प्लॉट की स्थापना के लिए 8.92 करोड़ रुपये के ऋण को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ-साथ पंजाब डिस्टिलरी नियम 1932 में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके तहत अब प्रदेश की सभी डिस्टिलरी में फ्लो मीटर लगाए जाएंगे, जिससे उनमें बन रही शराब व स्प्रिट को काउंट किया जाएगा। इसकी मॉनिटरिंग लगातार सरकार द्वारा की जाएगी। केंद्र सरकार की तर्ज पर हरियाणा सरकार ने भी लॉ कमिशन की सिफारिश पर अनुपयोगी हो चुके 20 एक्ट को रिपीलिंग करने का निर्णय लिया है।

ग्रुप सी और डी की भर्तियां जल्द
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में ग्रुप सी और डी के पदों पर जल्द भर्तियां की जाएंगी। सभी विभागों से 11 फरवरी तक ग्रुप सी और डी के पदों की आवश्यकता अनुसार डिमांड भेजने को कहा गया है। इसके बाद हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को सूचित कर भर्तियों का विज्ञापन निकाला जाएगा और कॉमन एंट्रेंस टेंस्ट के लिए पोर्टल खोला जाएगा। अभी तक इस पोर्टल पर 8 लाख रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। जल्द इस प्रक्रिया को पूरा करके टेस्ट आयोजित किया जाएगा और भर्ती की जाएगी। ग्रुप डी के लिए एक टेस्ट आयोजित होगा जबकि ग्रुप सी की भर्ती के लिए दो टेस्ट होंगे।  

65 साल आयु पूरी कर चुके नंबरदारों का होगा मेडिकल चैकअप 
एक सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि 65 वर्ष आयु पूरी कर चुके नंबरदारों का मेडिकल चैकअप होगा। जो भी नंबरदार इस मेडिकल चैकअप में फिट पाए जाएंगे, उनकी सेवाएं ही आगे जारी रखी जाएंगी अन्यथा उन्हें सेवामुक्त कर दिया जाएगा। इसके अलावा नंबरदारी में सरबरा प्रथा को भी खत्म किया जाएगा।

60 वर्ष आयु पूरी करने पर अपने आप आएगी बुढ़ापा पेंशन
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि दिसंबर महीने की बुढ़ापा पेंशन 7 फरवरी को खातों में डाल दी गई है, जबकि जनवरी महीने के पेंशन 8 फरवरी को डाली जा रही है। पेंशन को परिवार पहचान पत्र से जोड़ा जा रहा है। भविष्य में पात्र व्यक्तियों को कोई परेशानी नहीं आएगी। इसके अलावा जो भी व्यक्ति 60 वर्ष की आयु पूरी कर लेगा और वह पात्र होगा तो उसकी खुद ब खुद पेंशन शुरू हो जाएगी।

धर्म परिवर्तन रोकने के लिए बिल कैबिनेट में पास
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि धर्म परिवर्तन किए बिना कोई शादी करता है तो उस पर कोई रोक नहीं है लेकिन कोई पैसे के लालच में जबरन किसी का धर्म परिवर्तन करवाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। इस संबंध में कैबिनेट ने गैरकानूनी धर्मांतरण निषेध बिल 2022 को मंजूरी दे दी है। पिछले दिनों यमुनानगर, मेवात, गुरुग्राम और पानीपत जिले में जबरन धर्म परिवर्तन के मामले आए थे। इन्हें रोकने के लिए ही इस बिल को मंजूरी दी गई है।

पंजाब, यूपी और उत्तराखंड में चुनाव प्रचार करने जाएंगे मुख्यमंत्री
5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी ने चुनाव प्रचार में उनकी ड्यूटी भी लगाई है। बीते दिनों 1 दिन के लिए उत्तराखंड में चुनाव प्रचार करने गए थे। अब आने वाले दिनों में 4 दिन उत्तरप्रदेश, 2 दिन पंजाब और 1 दिन उत्तराखंड में चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे। सभी राज्यों में भाजपा सरकार बनाने जा रही है।  

निजी क्षेत्र में 75 प्रतिशत नौकरियों के आरक्षण की सुप्रीम कोर्ट तक लडेंगे लड़ाई
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि निजी क्षेत्र में 75 प्रतिशत नौकरियों में हरियाणा के निवासियों को आरक्षण दिए जाने के मामले में सरकार मजबूती से लड़ाई लड़ेगी। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की है। आगामी 11 फरवरी को इसकी सुनवाई होगी। नए सदस्यों का स्वागत किया कैबिनेट के नए सदस्य श्री देवेंद्र सिंह बबली व श्री कमल गुप्ता की पहली कैबिनेट बैठक थी, इसलिए मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत किया।

लता मंगेशकर को दी श्रद्धांजलि
कैबिनेट बैठक आरम्भ होने से पूर्व  स्वरकोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की गई। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!