Edited By Updated: 03 Aug, 2015 04:17 PM
नौवीं क्लास की छात्रा ने इंसाफ पाने के लिए अपना घर छोड़ दिया और दिल में ठान लिया कि जब तक आरोपी को सजा नहीं दिलवाएगी वह घर नहीं लौटेगी।
हिसार: नौवीं क्लास की छात्रा ने इंसाफ पाने के लिए अपना घर छोड़ दिया और दिल में ठान लिया कि जब तक आरोपी को सजा नहीं दिलवाएगी वह घर नहीं लौटेगी। दरअसल हिसार में अपने दादा-दादी के पास रहने आई नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने रेप किया था। छात्रा ने इस संबंधी गुड़गांव में रहते अपने माता-पिता को जानकारी दी। परिजनों ने लड़की को पुलिस में इसकी शिकायत देने से रोका लेकिन वह अड़ गई कि आरोपी को सजा दिलाकर ही रहेगी।
लड़की ने गुड़गांव में जीरो एफआईआर दर्ज करा दी। इसी आधार पर हिसार के शहर थाना में आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया। मामला दर्ज कराने के बाद पिता लड़की पर काफी नाराज हुए इस पर उसने घर छोड़ दिया। बाद में कोर्ट के आदेश पर लड़की को करनाल के नारी निकेतन भेजा गया है।
पुलिस मामले की छानबीन में लगी है। गुड़गांव के एक स्कूल में नौवीं में पढ़ने वाली एक छात्रा अपने दादा-दादी के पास रहने आई थी। यहां उसकी पहचान कॉलोनी के ही रहने वाले एक युवक के साथ हो गई। आरोप है कि युवक एक दिन उसे बहला- फुसला कर अपने घर ले गया। वहां उसके साथ उसने दुष्कर्म किया।
छात्रा ने जब इस संबंधी अपने साथ हुई जबरदस्ती के बारे में घर पर बताने की बात कही तो लड़के ने उसे जान से मारने की धमकी दी। लड़की ने गुड़गांव अपने घर लौट कर सारी बात अपने घरवालों को बताई तो उन्होंने उसे चुप रहने को कहा लेकिन लड़की ने ठान लिया कि वो इंसाफ पाकर रहेगी। आखिरकार लड़की ने आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी। फिलहाल युवक की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।