Edited By Updated: 22 Apr, 2017 02:44 PM
सैक्टर 28 में रहने वाले एक इंजीनियर को अपनी कॉलेज फ्रैंड से प्रेम संबंध बनाना महंगा पड़ रहा है।
फरीदाबाद (पंकेस):सैक्टर 28 में रहने वाले एक इंजीनियर को अपनी कॉलेज फ्रैंड से प्रेम संबंध बनाना महंगा पड़ रहा है। दोस्ती टूट जाने के बावजूद युवती उसे लगातार परेशान कर रही है। वह उसे एस.एम.एस. भेज कर ब्लैकमेल कर शादी करने का दबाव बना रही है। इस दौरान आरोपी युवती कई बार जबरन उसके घर में भी घुस चुकी है। अब आरोपी शादी न करने पर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपए की मांग कर रही है। परेशान होकर पीड़ित युवक ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। थाना सैक्टर- 31 पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक सैक्टर 28 में रहने वाले कार्तिक मक्कड़ ने पुलिस शिकायत में कहा है कि वह यहां अपने परिवार के साथ रहता है। 2009 में उसने नोएडा के कॉलेज में इंजीनियरिंग में दाखिला लिया था। उसी दौरान उसकी कॉलेज में साथ पढऩे वाले अक्षिता नामक युवती से दोस्ती हो गई। बाद में दोनों के बीच मन- मुटाव शुरू हो गया। नवम्बर 2016 में दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई। जनवरी 2017 में दोनों के बीच पूरी तरह संबंध खत्म हो गए। जिसके बाद वह उसे धमकी भरे संदेश भेजने लगी। इस दौरान उसके परिवार वालों ने उसकी शादी 31 जनवरी 2017 को तय कर दी। इस बात पता चलते ही अक्षिता ने उसका जीना मुश्किल कर दिया। वह गालियों और धमकी भरे संदेश उसे भेजने लगी। इस दौरान अक्षिता ने लड़की वालों का पता लगा लिया और उन्हें शादी तोडऩे के लिए कहने लगी।
अन्यथा वह दुष्कर्म का झूठा मामला दर्ज करने की उन्हें धमकी दे रही थी। बात न बनने पर वह उसे जान से मारने की धमकी के संदेश भेजने लगी। गत 16 मार्च और पांच अप्रैल को अक्षिता जबरन उसके घर में घुस आई। वह उस पर शादी करने का दबाव बनाने के लिए हंगामा करने लगी। साथ ही वह पूरे परिवार को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रही थी। शादी न करने के बदले में वह ब्लैकमेल कर पांच लाख रुपए की मांग करने लगी। इसके अलावा अक्षिता उसका फेसबुक अकाउंट हैक कर उसका दुरूपयोग कर रही है। युवक ने शिकायत दर्ज कराई है।