Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 17 Jul, 2026 05:37 PM
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि आज का दिन हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन राष्ट्र को समर्पित किया जाना भारत के परिवहन क्षेत्र में एक नई शुरुआत...
गुड़गांव, (ब्यूरो): केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि आज का दिन हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन राष्ट्र को समर्पित किया जाना भारत के परिवहन क्षेत्र में एक नई शुरुआत है। यह उपलब्धि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक परिवहन व्यवस्था के प्रति देश की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत हरित ऊर्जा, नवाचार और अत्याधुनिक तकनीक के क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन आत्मनिर्भर भारत तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जिला जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर पर गुरुग्राम में आयोजित जिला स्तरीय वर्चुअल कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में पहुंचने पर डीसी उत्तम सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, मेयर गुरुग्राम राजरानी मल्होत्रा, मेयर मानेसर डॉ इंद्रजीत यादव, भाजपा गुरुग्राम जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी की विशिष्ट उपस्थिति रही। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा से विशेष आत्मीय जुड़ाव रहा है। संगठन में दायित्व निभाने के दौरान उन्होंने हरियाणा की आवश्यकताओं और संभावनाओं को निकट से समझा, जिसका लाभ आज प्रदेश को विकास कार्यों के रूप में मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद विकास की राजनीति ने क्षेत्रवाद की सोच को पीछे छोड़ दिया है। अब किसी एक क्षेत्र नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा और देश के सभी राज्यों में समान रूप से विकास कार्य किए जा रहे हैं। देशभर में रेल परियोजनाओं को गति मिली और हरियाणा में भी रेल नेटवर्क के विस्तार, विद्युतीकरण तथा आधुनिक सुविधाओं का तेजी से विकास हुआ। उन्होंने कहा कि दक्षिण हरियाणा में रेलवे विद्युतीकरण का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया गया, जिससे क्षेत्र को नई विकास गति मिली।
हरियाणा में आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार, जनता को मिल रहा विकास का लाभ : मुकेश शर्मा
गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेज गति से आधुनिक, आत्मनिर्भर और तकनीक-संपन्न राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जींद से लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास हरियाणा के विकास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने वाला है। इन परियोजनाओं से प्रदेश में परिवहन एवं रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी, औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और आर्थिक गतिविधियों के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार किया जा रहा है तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ सुशासन, पारदर्शिता और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण हरियाणा आज देश के अग्रणी राज्यों में अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है।
हरित ऊर्जा का दिया संदेश, ई-वाहनों से पहुंचे अतिथि
पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने का संदेश देते हुए कार्यक्रम में शामिल मुख्य अतिथियों ने ई-वाहनों का उपयोग किया। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह दिल्ली से ई वाहन तथा गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ई-रिक्शा में सवार होकर आयोजन स्थल पहुंचे। वहीं गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा और भाजपा गुरुग्राम जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी भी ई-वाहन से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस पहल के माध्यम से स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को अपनाने का संदेश दिया गया तथा हरित ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद एवं आयोजन के नोडल अधिकारी सुमित कुमार, गुरुग्राम की पूर्व मेयर मधु आजाद, भाजपा प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, पूर्व जिला पार्षद विरेंद्र सिंह हब्लु, जिला महामंत्री अजीत यादव तथा मनीष सैदपुर, मार्केट कमेटी पटौदी के चेयरमैन मनोज मोकलवास, नगर निगम गुरुग्राम तथा जिला परिषद के विभिन्न वार्डों से पार्षदगण, भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।