गुरुग्राम-नूंह में समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस के फैसले को चुनौती देगी सरकार, देश के बेहतरीन वकील को नियुक्त करने के लिए तैयार : अनिल विज

Edited By Krishan Rana, Updated: 22 Oct, 2026 06:51 PM

government will challenge the decision of parallel power distribution licenses i

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण के समानांतर लाइसेंस के मुद्दे पर

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण के समानांतर लाइसेंस के मुद्दे पर प्रदेशभर में जारी बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल के बीच कर्मचारियों से सहयोग की अपील की है।

उन्होंने कहा कि यह सरकार के खिलाफ टकराव का नहीं, बल्कि मिलकर कानूनी लड़ाई लड़ने का समय है। हरियाणा सरकार नियामक के फैसले को चुनौती देने के लिए पूरी गंभीरता से कानूनी कदम उठा रही है और जरूरत पड़ने पर यह लड़ाई सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी जाएगी।

विज ने स्पष्ट किया कि सरकार इस मामले में देश के बेहतरीन वकील को नियुक्त करने के लिए भी तैयार है। यदि कर्मचारी नेताओं के पास किसी अच्छे वकील का सुझाव है, तो वे सरकार को बताएं। सरकार का प्रयास है कि कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से नियामक के फैसले पर रोक हासिल की जाए और मामले का प्रभावी समाधान निकाला जाए।

सरकार ने रखा था अपना पक्ष, अब कानूनी लड़ाई की तैयारी
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि बिजली कर्मचारियों और उनके नेताओं को इस पूरे मामले की जानकारी है। हरियाणा सरकार ने संबंधित नियामक के समक्ष अपना पक्ष मजबूती से रखा था। इस प्रक्रिया में इंजीनियरिंग एसोसिएशन भी शामिल रही है। इसके बावजूद सरकार के पक्ष में फैसला नहीं आने के बाद अब इसे चुनौती देने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मामले में कानूनी प्रतिनिधित्व की व्यवस्था की है और फैसले पर रोक प्राप्त करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार कर्मचारियों की चिंताओं से परिचित है और इस मुद्दे का समाधान कानूनी तरीके से निकालना चाहती है। विज ने कर्मचारी नेताओं से अपील की कि वे सरकार के साथ संवाद बनाए रखें और कानूनी लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव दें। उन्होंने कहा कि टकराव बढ़ाने के बजाय सभी पक्षों को मिलकर इस मामले में प्रभावी प्रयास करने चाहिए।

हड़ताल के बीच बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम
प्रदेशभर में 22 से 24 अक्टूबर तक बिजली कर्मचारियों की 3 दिवसीय हड़ताल के बीच बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। हड़ताल को विभिन्न इंजीनियरिंग एसोसिएशनों का भी समर्थन मिल रहा है। अनिल विज ने स्वीकार किया कि कुछ स्थानों पर बिजली व्यवस्था को लेकर दिक्कतें सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार ने स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त प्रबंध किए हैं।

उन्होंने बताया कि त्योहारों के सीजन को देखते हुए प्रदेशभर में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं और वहां वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए कॉल सेंटर भी सक्रिय किए गए हैं, ताकि शिकायत मिलते ही संबंधित अधिकारियों तक जानकारी पहुंचाई जा सके और समस्याओं का जल्द समाधान हो।

सरकार और वरिष्ठ अधिकारी बिजली आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। ऊर्जा मंत्री ने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों और सरकार के बीच सहयोग से बिजली सेवाओं को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।

स्मृति ईरानी के अनुभव से भाजपा संगठन को मिलेगी मजबूती : विज
दूसरी ओर, भाजपा की नवनियुक्त हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी के पंचकूला दौरे को लेकर अनिल विज ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी जैसी कुशल राजनीतिज्ञ को हरियाणा की जिम्मेदारी सौंपा जाना अच्छी बात है। उनके राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक कार्यशैली से प्रदेश में पार्टी को लाभ मिलने की उम्मीद है।

विज ने स्मृति ईरानी के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि राहुल गांधी को अमेठी लोकसभा सीट पर बड़े अंतर से हराने का कीर्तिमान भी उनके नाम दर्ज है। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी का हरियाणा प्रभारी के रूप में आना भाजपा के लिए सौभाग्यपूर्ण है।

ऊर्जा मंत्री ने उम्मीद जताई कि स्मृति ईरानी के अनुभव से पार्टी संगठन को नई दिशा मिलेगी और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। उनके नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और प्रदेश सरकार के प्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।

संगठन और सरकार के बीच समन्वय पर रहेगा जोर
स्मृति ईरानी ने हरियाणा प्रभारी नियुक्त होने के बाद अपने पहले आधिकारिक प्रदेश दौरे के दौरान पंचकूला में पार्टी संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात की। उनके दौरे के तहत प्रदेश सरकार के मंत्रियों के साथ भी बैठक प्रस्तावित है।

अनिल विज ने कहा कि संगठन के पदाधिकारियों और सरकार के प्रतिनिधियों के साथ होने वाली बैठकों में प्रदेश की कार्ययोजना, संगठनात्मक गतिविधियों और सरकार के कामकाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श होने की उम्मीद है। इससे संगठन और सरकार के बीच समन्वय को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि स्मृति ईरानी का राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक दक्षता हरियाणा में भाजपा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!