Edited By Yakeen Kumar, Updated: 11 Mar, 2025 09:42 PM
हरियाणा में पिछले वर्ष 12 मार्च को प्रदेश के 26वें मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण करने वाले नायब सिंह सैनी को बुधवार को मुख्यमंत्री का पद संभाले एक वर्ष पूरा हो जाएगा। इस एक साल की अवधि में मुख्यमंत्री सैनी ने जहां प्रत्येक वर्ग के लिए...
चंडीगढ़ (संजय अरोड़ा) : हरियाणा में पिछले वर्ष 12 मार्च को प्रदेश के 26वें मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण करने वाले नायब सिंह सैनी को बुधवार को मुख्यमंत्री का पद संभाले एक वर्ष पूरा हो जाएगा। इस एक साल की अवधि में मुख्यमंत्री सैनी ने जहां प्रत्येक वर्ग के लिए योजनाएं लागू की हैं तो विकास की गति को तेज किया है और खुद भी अपनी अनूठी कार्यशैली से एक खास पहचान बनाई है। नायब सिंह सैनी पहली बार पिछले साल 12 मार्च को मुख्यमंत्री बने और इसके बाद प्रदेश में मई में संसदीय चुनाव हुए।
संसदीय चुनाव में भाजपा ने 5 सीटों पर जीत हासिल की। अक्तूबर में विधानसभा चुनाव हुए और भाजपा ने नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करते हुए चुनाव लड़ा और 48 सीटों पर जीत के साथ तीसरी बार सरकार बनाकर इतिहास रचा। अपने पहले कार्यकाल के दौरान नायब सिंह सैनी ने 22 बड़े संकल्पों को पूरा किया तो अपने दूसरे कार्यकाल में 18 प्रमुख वादों को पूरा करते हुए सभी वर्गों को राहत दी है। विशेष बात यह है कि मुख्यमंत्री सैनी ‘नॉन स्टाप हरियाणा’ का नारा देते हुए विकास को रफ्तार दे रहे हैं।
गौरतलब है कि दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में नायब सिंह सैनी ने पिछले साल 17 अक्तूबर को शपथ ली थी। उन्होंने युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, व्यापारियों सहित तमाम वर्गों के लिए नीतियां एवं योजनाएं बनाई हैं। इसके साथ ही इस अवधि के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी व्यवस्था को भी मजबूत किया। गांवों में 20 वर्ष से अधिक समय से पंचायती भूमि पर बने 500 वर्ग गज तक के मकानों पर काबिज लोगों को मालिकाना हक दिया गया। हरियाणा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में 31 मार्च 2025 तक 1 लाख पात्र परिवारों के घरों की छतों पर मुफ्त में सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा गया है और इस पर तेजी से काम चल रहा है।
गरीब परिवारों की महिलाओं को हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत हर माह केवल 500 रुपए में गैस सिलैंडर दिया जा रहा है। इसका लाभ करीब 13 लाख परिवारों को मिल रहा है। प्रदेश में 5 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है और अब तक स्वयं सहायता समूहों की 1 लाख 85 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। आंगनवाड़ी कार्यकत्र्ता के मासिक मानदेय में 750 रुपए और सहायिका के मानदेय में 400 रुपए की वृद्धि की गई है। इसी तरह से किडनी रोग से पीडि़त रोगियों को मुफ्त डायलिसिस की सेवाएं सभी नागरिक जिला अस्पतालों व मैडीकल कालेजों में पिछले साल 18 अक्तूबर से दी जा रही हैं। 70 साल से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपए सालाना की मुफ्त इलाज सुविधा शुरू की गई है। प्रदेश को दिसंबर 2025 तक टीबी मुक्त बनाने के लिए पिछले साल 7 दिसंबर को 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान शुरू किया गया। अब तक 57 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 83 उपस्वास्थ्य केंद्रों व 22 ब्लॉक हैल्थ यूनिटों को बनाने की मंजूरी दी गई है।
आधारभूत ढांचे को बनाया विकसित
विशेष पहलू यह है कि नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया है। प्रदेश में 232 किलोमीटर लंबी नई संपर्क सडक़ों का निर्माण 169 करोड़ रुपए से किया गया है। 810 किलोमीटर लंबी सडक़ों की विशेष मरम्मत का काम 347 करोड़ रुपए से किया गया है। करीब 138 करोड़ रुपए की लागत से 7 सडक़ों, 3 भवनों एवं एक आर.ओ.बी. का निर्माण करवाया गया है। अंबाला-सहारनपुर रेलवे लाइन क्रासिंग पर साढ़े 21 करोड़ रुपए से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण करवाया गया है। पंचायती राज संस्थाओं को विभिन्न विकास कार्यों के लिए 500 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। प्रत्येक ब्लॉक के 10 सबसे अधिक आबादी वाले गावों में स्ट्रीट लाइट्स लगाने का निर्णय लिया गया है।
इस कड़ी में 233 गांवों में स्ट्रीट लाइट्स लगाई जानी हैं। हरियाणा रोडवेज के बस बेड़े में 650 नई बसों को शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा परियोजना के तहत प्रदेश के 7 नए शहरों फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, रोहतक, पानीपत, करनाल और यमुनानगर के लिए 450 नई बसें खरीदने की स्वीकृति प्रदान की गई है। राज्य में पुराने वाहनों के स्क्रैपिंग व रि-साइकिलिंग सुविधा पंजीकृत वाहन स्क्रैपेज एवं रि-साइकिलिंग सुविधा प्रोत्साहन नीति-2024 अधिसूचित की गई है।
किसानों के हित में उठाए ऐतिहासिक कदम
खास बात यह है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानोंं के हित में भी ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। पिछले साल 19 दिसंबर को सभी 24 फसलों की खरीद एम.एस.पी. पर करने की अधिसूचना जारी की गई। पिछले खरीफ सीजन में किसानों से 52 लाख 25 हजार मीट्रिक टन धान खरीदा गया और उन्हें 12,789 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान किया गया। इसी तरह से 4 लाख 80 हजार मीट्रिक टन बाजरा खरीद कर 1194 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान किया गया। 2672 टन मूंग खरीदते हुए किसानों को 231 करोड़ रुपए की राशि दी गई। बारिश कम होने से किसानों के आर्थिक बोझ को कम करने के लिए खरीफ फसलों के लिए 2 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से बोनस के रूप में 977 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई।
किसानों को फसल खरीद का भुगतान उनकी फसल का गेट पास कटने के 72 घंटे की बजाय अब 48 घंटे में किया जा रहा है। किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए ई-खरीद एप्लीकेशन द्वारा घर बैठे ई-गेट पास बनाने की सुविधा दी गई है। पराली के उचित प्रबंधन के लिए किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन यंत्रों पर अनुदान के रूप में 10,393 मशीनों के लिए 122 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। महाराणा प्रताप उद्यान विश्वविद्यालय करनाल का क्षेत्रीय केंद्र अंबाला के चांणसोली में खोला गया है। इसी तरह से झींगा व मछली व्यवसाय में लगे 231 किसानों को 4 करोड़ रुपए की राशि अनुदान के रूप में दी गई है। प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत 75 प्रतिशत अनुदान पर 4419 सोलर पंप लगाए गए हैं। जल संरक्षण के लिए रिचार्ज कुएं, चैक डैम तथा छत के वर्षा जल संचयन की संरचना इत्यादि 422 इकाइयों का निर्माण करवाया गया है।
बिना पर्ची-बिना खर्ची 60 हजार युवाओं को दी नौकरियां
खास बात यह है कि पिछले साल 12 मार्च को मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सिंह सैनी अब तक मैरिट के आधार पर 60 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दे चुके हैं। मार्च 2024 से लेकर अगस्त 2024 तक 33 हजार युवाओं को नौकरियां दी गई तो दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सिंह सैनी ने 27 हजार युवाओं को नौकरियां दी और फिलहाल 17 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। अपने पहले कार्यकाल में मुख्यमंत्री ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम में लगे 1 लाख 20 हजार युवाओं की नौकरी को भी सुरक्षित किया तो युवाओं के हुनर निखारने के लिए भी नीति बनाई इसी तरह से सरकार ने युवाओं के हित में और भी कई कदम उठाए हैं। प्रत्येक गांव में सरकार ने जिम खोलने की योजना बनाई है। 19 जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में 50 करोड़ रुपए की लागत से 250 जिम खोले गए हैं।
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा वर्ष 2024 के लिए हरियाणा के एक खिलाड़ी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्ड, 10 खिलाडिय़ों को अर्जुन अवार्ड तथा 1 कोच को द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित किया गया है। मेधावी विद्यार्थियों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना पिछले साल 6 नवंबर को शुरू की गई। प्रधानमंत्री श्री योजना और समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत 801 सरकारी स्कूलों में 4 प्रकार की आई.सी.टी. लैब स्थापित करने की मंजूरी दी गई है।
अनूठी कार्यशैली की प्रधानमंत्री भी कर चुके हैं तारीफ
खास बात यह है कि अपनी अनूठी कार्यशैली से नायब सिंह सैनी ने एक खास पहचान स्थापित की है। मुख्यमंत्री बनने के बाद से वे लगातार सक्रिय हैं। उनके चेहरे पर हमेशा ही मुस्कान रहती है और वे बड़ी विनम्रता से जनता की बात को सुनते हैं। जब भी वे चंडीगढ़ अपने आवास पर होते हैं तो जन दरबार लगाते हुए लोगों की समस्याओं का समाधान करते हैं। उनकी इस खास कार्यशैली की चर्चा हर कोई करता है। उनकी इस कार्यशैली की प्रशंसा विपक्षी दलों के विधायक भी कर चुके हैं और बहुत कम समय में ही सैनी ने एक लोकप्रिय नेता के रूप में पहचान बनाई है।
यही वजह है कि जब पिछले साल 9 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पानीपत में बीमा सखी योजना की शुरूआत करने आए तो उन्होंने सैनी को देश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री की संज्ञा देते हुए उनकी कार्यशैली की प्रशंसा की थी। इसके अलावा समय-समय पर अनेक बड़े नेता एवं साधु-संत भी उनके सरल एवं सहज स्वभाव की मुक्त कंठ से प्रशंसा कर चुके हैं। सैनी आध्यात्मिक प्रवृत्ति के भी हैं। जब भी उन्हें अवसर मिलता है वे साधु-संतों का सानिध्य करते हैं और तीर्थ स्थलों पर भी दर्शन के लिए जाते हैं। खास बात यह है कि जब भी वे विभिन्न जिलों के दौरे पर होते हैं तो अक्सर लोगों को खेतों या सार्वजनिक स्थान पर देखकर अपनी गाड़ी रुकवा लेते हैं और उनका कुशल क्षेम जानने के साथ-साथ सरकार की नीतियों का भी फीडबैक लेते हैं।