Edited By Saurabh Pal, Updated: 29 Jan, 2024 05:02 PM
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में चल रही ग्रुप-सी व डी की 60 हजार के लगभग भर्तियां जल्द पूरी कर ली जाएंगी। पहले ग्रुप सी का परिणाम निकाला जाएगा। उसके बाद ग्रुप-डी की भर्ती की जाएगी...
भिवानी(अशोक भारद्वाज): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में चल रही ग्रुप-सी व डी की 60 हजार के लगभग भर्तियां जल्द पूरी कर ली जाएंगी। पहले ग्रुप सी का परिणाम निकाला जाएगा। उसके बाद ग्रुप-डी की भर्ती की जाएगी। यह बात उन्होंने भिवानी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। मुख्यमंत्री आज भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद चौ.धर्मबीर सिंह के पिता चौ भल्लेराम के देहांत पर शोक प्रकट करने के लिए भिवानी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौ. भल्लेराम ने 94 वर्ष तक स्वस्थ जीवन जिया, वे समाजसेवी तथा नेक इंसान थे। उनका सात्विक व्यक्तित्व था।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा व हरियाणा विधानसभा के चुनाव उन्हें लगता था कि एक साथ हो सकते हैं, परन्तु अब चुनाव आयोग की तरफ से उन्हे कोई भी संकेत नहीं आया है कि चुनाव एक साथ हों। ऐसे में लोकसभा व विधानसभा के चुनाव अपने पूर्व निर्धारित समय में होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले विधानसभा व लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी स्वच्छ शासन व प्रशासन, पारदर्शिता, अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने तथा आखिरी पंक्ति के व्यक्ति को मुख्य धारा में लाकर खड़ा करने के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि अबकी बार लोकसभा व हरियाणा विधानसभा में पहले से भी अधिक बहुमत मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने इंडिया गठबंधन को लेकर कहा कि जनता द्वारा नकारे गए दल एक होकर भाजपा को हराना चाहते हैं, जबकि पिछले 10 वर्षो से जो बदलाव की बयार बह रही है, उससे स्पष्ट है कि जनता इंडिया गठबंधन के दलों के प्रभाव को नकार चुकी है। हरियाणा में भाजपा-जजपा गठबंधन आने वाले चुनाव में जारी रहने को लेकर पूछे गए सवाल को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक रणनीतिक विषय है। जिसका जवाब वे भविष्य में देंगे। भाजपा द्वारा राम के मुद्दे पर राजनीति किए जाने के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी की कोई रणनीति राम पर आधारित नहीं है, परन्तु जो लोग राम के नहीं, वे किसी काम के नहीं व कही के नहीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ व सांसद धर्मबीर सिंह से भिवानी क्षेत्र के विकास के विभिन्न मुद्दों पर बातचीत भी की।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)