कल होगा मनोहर सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार, संभावित मंत्रियों की धड़कनें तेज

Edited By vinod kumar, Updated: 11 Nov, 2019 09:28 AM

cabinet expansion of manohar government will happen tomorrow

प्रदेश में मनोहर सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार 12 नवम्बर को होने की संभावनाएं हैं। हालांकि भाजपा या सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है लेकिन विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार अमित शाह की हरी झंडी मिलने के बाद मंत्रिमंडल का रास्ता...

फरीदाबाद(महावीर) :  प्रदेश में मनोहर सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार 12 नवम्बर को होने की संभावनाएं हैं। हालांकि भाजपा या सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है लेकिन विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार अमित शाह की हरी झंडी मिलने के बाद मंत्रिमंडल का रास्ता लगभग साफ हो गया है और 12 नवम्बर को नए मंत्री शपथ लेंगे। सोमवार को मुख्यमंत्री पंजाब के दौरे पर होंगे। उसके बाद सायं को चंडीगढ़ पहुंचेंगे। संभवत: उसके बाद आधिकारिक सूचना जारी की जाए। 

प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने हरियाणा मंत्रिमंडल को लेकर रविवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से उनके निवास पर बैठक की। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी.नड्डा,प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला व महासचिव सुरेश भट्ट भी मौजूद थे। सूत्रों अनुसार बैठक में हरियाणा के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हुई चर्चा के बाद अमित शाह ने अंतिम मुहर लगा दी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि मंगलवार को मनोहर सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। इससे पूर्व 11 नवम्बर को मंत्रिमंडल विस्तार के कयास लगाए जा रहे थे लेकिन मुख्यमंत्री मनोहरलाल के पंजाब जाने के चलते शपथ ग्रहण समारोह 12 नवम्बर का संभावित है। उधर,पारिवारिक कार्यक्रम में गए प्रदेश के राज्यपाल भी वापिस चंडीगढ़ लौट चुके हैं। 

संभावित मंत्रियों की धड़कनें तेज
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार की सूची पर मुहर के बाद संभावित मंत्रियों की धड़कनें तेज हो गई हैं। प्रदेश में लगभग 20 ऐसे चेहरे हैं जिन्हें मंत्री पद मिलने की उम्मीद है लेकिन जातीय व क्षेत्रीय समीकरण के चलते इनमें से कई लोगों के नाम लिस्ट से काट दिए गए हैं इसलिए मंगलवार को होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में किस-किसका नाम है,यह जानने के लिए विधायकों में उत्सुकता बढ़ गई है।

भाजपा की ओर से अभी मंत्रिमंडल विस्तार हेतु तय किए गए नामों को गुप्त रखा जा रहा है। सूत्रों की मानें तो भाजपा सोमवार को ही मंत्रिमंडल विस्तार के लिए विधायकों को आमंत्रित करेगी। अपने नाम की पुष्टि के लिए भाजपा विधायक अपने आकाओं से संपर्क कर यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि इस बार मंत्रिमंडल में उनकी ताजपोशी तय हुई है या नहीं। 

संघ के साथ सी.एम. की मंत्रणा
मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने रविवार को दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात के बाद संघ नेताओं से भी मुलाकात की। संघ नेताओं व मुख्यमंत्री के बीच दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित हरियाणा निवास में लंबी बैठक चली। इस दौरान प्रदेश भाजपा के कई नेता भी मौजूद रहे। सूत्रों अनुसार इस बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर संघ नेताओं की सहमति ली गई। हालांकि आधिकारिक तौर पर इस संदर्भ में कोई जानकारी नहीं दी गई लेकिन सूत्रों के अनुसार हरियाणा निवास में हुई बैठक का मुख्य मुद्दा प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार ही था।

माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल की अब सारी बाधाएं दूर हो चुकी हैं इसलिए मंगलवार को मंत्रिमंडल विस्तार तय है। समाचार लिखे जाने तक विधायकों को मंत्रिमंडल विस्तार से संबंधित कोई निमंत्रण प्राप्त नहीं हुआ था। इतना ही नहीं मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मीडिया में भी कोई जानकारी मुख्यमंत्री या सरकार की ओर से नहीं दी गई थी। 
 

भाजपा के 6, जजपा व निर्दलियों में से 2-2 विधायकों को मिल सकता है ताज
मनोहर सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जहां विधायकों में उत्सुकता का माहौल है वहीं राजनीति में रुचि रखने वाला हर व्यक्ति इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा है। यूं तो मंत्रियों के नामों का खुलासा शपथ ग्रहण समारोह के दिन ही संभव होगा लेकिन सूत्रों की मानें तो अनिल विज, कंवरपाल गुर्जर व पूर्व मंत्री बनवारी लाल के साथ-साथ नांगल चौधरी के विधायक अभय सिंह यादव का नाम लगभग तय माना जा रहा है। इसके साथ-साथ महिला कोटा को ध्यान में रखते हुए सीमा त्रिखा का विधानसभा उपाध्यक्ष के रूप में नाम सामने आ रहा है।

इसके अलावा कमल गुुप्ता व घनश्याम सर्राफ में से किसी एक को मंत्री पद मिलना तय माना जा रहा है। वहीं आजादी के बाद पहली बार पेहवा सीट पर कमल खिलाने वाले संदीप सिंह को भी मंत्री पद से नवाजा जा सकता है क्योंकि वह इकलौते सिख विधायक हैं व भारतीय हॉकी टीम के कप्तान भी रह चुके हैं। भाजपा अपने कोर्ट से इन्हीं 6 मंत्रियों व एक विधानसभा उपाध्यक्ष को शपथ दिलाने की तैयारी में है। उधर जजपा की ओर से रामकुमार गौतम व ईश्वर सिंह को मंत्रिमंडल की शपथ दिलाई जा सकती है।

निर्दलीयों को लेकर माना जा रहा है कि रणजीत चौटाला का नाम तय हो चुका है। इसके साथ-साथ राजपूत समाज को प्रतिनिधित्व देते हुए भाजपा सरकार नयनपाल रावत को मंत्रिमंडल में शामिल कर सकती है। इससे जहां भाजपा राजपूत कोटा पूरा कर देगी,वहीं एक और निर्दलीय को अपने साथ जोड़ लेगी क्योंकि नयनपाल रावत भाजपा को सबसे पहले समर्थन देने वाले विधायकों में से हैं और उन्हें भाजपा काडर का ही माना जाता है। इसके साथ-साथ रणधीर गोलन का नाम भी चर्चा में है।

शनिवार को दुष्यंत चौटाला व मनोहरलाल के बीच हुई बैठक में जजपा मंत्रियों के नाम तय कर लिए गए थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि मंगलवार के मंत्रिमंडल विस्तार में भाजपा 10 विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल कर सकती है। इसमें 6 भाजपा व 2 जजपा के विधायकों के साथ-साथ 2 निर्दलियों को भी शामिल किया जा सकता है। 2 मंत्रियों की कुर्सी भाजपा अभी खाली रख सकती है। यह भी संभव है कि भाजपा 8 मंत्रियों को शपथ दिलाए। 

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!