Edited By Nisha Bhardwaj, Updated: 24 Jun, 2018 08:43 AM
जिले के चौ. रणबीर सिंह विश्वविद्यालय की बी.एड. की परीक्षा का पहला पेपर रोहतक में परीक्षा शुरू होते ही आऊट हो गया। यह पेपर रोहतक के सी.आर.जैड. कालेज के परीक्षा केंद्र से आऊट हुआ और चौ.रणबीर सिंह विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसकी जांच के आदेश जारी किए...
जींद(ब्यूरो): जिले के चौ. रणबीर सिंह विश्वविद्यालय की बी.एड. की परीक्षा का पहला पेपर रोहतक में परीक्षा शुरू होते ही आऊट हो गया। यह पेपर रोहतक के सी.आर.जैड. कालेज के परीक्षा केंद्र से आऊट हुआ और चौ.रणबीर सिंह विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसकी जांच के आदेश जारी किए हैं। साथ ही पुलिस को भी इस मामले में कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। परीक्षा रद्द किए जाने की संभावनाओं को सी.आर.एस.यू. के वी.सी. ने पूरी तरह नकारते हुए कहा कि परीक्षा रद्द नहीं होगी।
बी.एड. की परीक्षाएं जिले का चौ.रणबीर सिंह विश्वविद्यालय संचालित कर रहा है। शनिवार से यह परीक्षा शुरू हुई। शनिवार को बी.एड. द्वितीय वर्ष का नालेज एंड क्रिकुलम विषय का पेपर था। पहले दिन ही रोहतक में यह पेपर आऊट हो गया। परीक्षा 9:30 बजे शुरू हुई और परीक्षा का प्रश्र पत्र मार्कीट में तुरंत उपलब्ध हो गया था। कुछ लोगों का यह कहना है कि यह पेपर परीक्षा शुरू होने से पहले आऊट हुआ लेकिन जिले के चौ.रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के वी.सी. डा. आर.बी. सोलंकी इस बात से सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि बी.एड. का पेपर आऊट होने को लेकर पहला ट्वीट 9.37 बजे हुआ, जबकि परीक्षा 9.30 बजे शुरू हो गई थी।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि रोहतक के सी.आर.जैड. कालेज के परीक्षा केंद्र ने प्रश्व पत्र को लेकर ओ.टी.पी. मांगा था और यह ओ.टी.पी. प्रिंसीपल ने अपने एक क्लर्क को दे दिया। उसी स्तर पर यह तुरंत आऊट हो गया।