Edited By Punjab Kesari, Updated: 18 Aug, 2017 03:51 PM
14 अगस्त को गांव समैन में आयोजित जाट समाज के हलका स्तरीय सम्मेलन में अखिल भारतीय जाट आरक्षण
टोहाना(सुशील सिंगला):14 अगस्त को गांव समैन में आयोजित जाट समाज के हलका स्तरीय सम्मेलन में अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक पर हमला करने वालों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए हैं। शुक्रवार को 3 आरोपियों को गांव समैन से गिरफ्तार किया गया है।
सुबे सिंह समैन पर लगे थे हमला करवाने के आरोप
जब समैन गांव में यशपाल मलिक पर सम्मेलन के दौरान लाठियों से हमला किया गया था तो मलिक ने इसके लिए सुबे सिंह समैन पर हमला करवाने के आरोप लगाए थे। लोगों की मदद से मलिक जान से बच गए थे और कई लोगों को चोटे आई थी।
सुबे सिंह समैन सहित 100 लोगों के खिलाफ हुआ था केस दर्ज
मलिक पर हमला करने के आरोप में सुबे सिंह समैन सहित 100 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत फतेहाबाद पुलिस ने केस दर्ज किया था। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस मामले में हत्या के प्रयास में मारपीट, आर्मज एक्ट, गाड़ियों में तोड़फोड़, योजना बनाकर मारपीट करने वालों पर 120बी धारा जोड़ी गई है।
मलिक ने की थी शाह व CM से मुलाकात
यशपाल मलिक ने हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करके गिरफ्तार करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की थी। जिसके बाद पुलिस प्रशासन सर्तक हो गया था और आशंका जताई जा रही थी कि अब पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास तेज कर सकती है।
3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया
डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि मलिक पर हमला करने और सरकारी बस में तोड़ फोड़ करने के आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए सी.आई.ए. सहित पुलिस की 3 टीमें गठित की गई थी। जिन्होंने सुबह 4 बजे गांव समैन में छापेमारी की और 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सुबे सिंह समैन को भी जल्द गिरफ्तार करेगी पुलिस
डी.एस.पी. शमशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मलिक पर हमला करने के आरोप में सुबे सिंह समैन सहित 100 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया हुआ है। पुलिस अब मुख्य आरोपी सुबे सिंह समैन को भी जल्द गिरफ्तार कर सकती हैं। इसके लिए गांव में छापेमारी की जाएगी।