शाह ने राव नरबीर सिंह को बताया अपना मित्र, कई बार थपथपाई पीठ

Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 29 Sep, 2024 07:32 PM

shah called rao narbir singh his friend patted him on the back several times

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि राव नरबीर सिंह मेरे घनिष्ठ मित्र हैं। उन्होंने एक बार नहीं बल्कि कई बार पूर्व कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह की पीठ थपथपाई तथा तारीफ की।

गुड़गांव, (ब्यूरो): केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि राव नरबीर सिंह मेरे घनिष्ठ मित्र हैं। उन्होंने एक बार नहीं बल्कि कई बार पूर्व कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह की पीठ थपथपाई तथा तारीफ की। शाह ने कहा कि 2019 में किन्हीं कारणों से राव नरबीर सिंह को भाजपा टिकट नहीं दे पाई। कई लोगों के फोन उनके पास गए कि राव नरबीर सिंह बगावत करेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

 

राव नरबीर सिंह ने पूरी निष्ठा के साथ पांच साल तक पार्टी के लिए काम किया। इस बार बादशाहपुर से उनको हमने अपना उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा कि बादशाहपुर वालों आप राव नरबीर सिंह को भारी मतों से जिता दो, उनको बड़ा आदमी बनाने का काम हमारा है। उन्होंने कहा कि इस समस्त क्षेत्र का विकास भाजपा सरकार ही कराएगी। उन्होंने कहा कि ऊपर भाजपा की सरकार बन चुकी है हरियाणा में भी बनाने का काम कीजिए, फिर देखिये कैसे डबल इंजन की सरकार विकास का काम कराती है।  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को  सेक्टर 95 स्थित ढोरका में आयोजित अपनी जन आशीर्वाद रैली में बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी राव नरबीर सिंह के समर्थन में रैली करने के लिए पहुंचे थे। 

 

अमित शाह ने कहा कि गुरूग्राम में 700 बिस्तरों का एक बड़ा अस्पताल भाजपा सरकार बनने के बाद बनवाया जाएगा। उन्होंने साथ ही कहा कि गुरूग्राम में 100 एकड़ में वर्ल्ड क्लास इंटेक हब विकसित किया जाएगा जिसमें हजारों युवाओं को नौकरी मिलेगी। इसके साथ ही जीरो लैंडफिल और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्था की जाएगी। यहां विश्वकर्मा विश्वविद्यालय की भी स्थापना की जाएगी। अरावली में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की जंगल सफारी के प्रोजेक्ट को भी सिरे चढ़ाने का काम किया जाएगा।  शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर खरखौदा की तर्ज पर बादशाहपुर में नया औद्योगिक नगर विकसित किया जाएगा। 

 

 

कांग्रेस की पोल खोली, भाजपा ने हरियाणा में दिए 2 लाख 92 हजार करोड़ 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि 2004 से लेकर 2014 तक हरियाणा में कांग्रेस की सरकार थी। उन्होंने कहा कि वह पूरा हिसाब लेकर बादशाहपुर आए हैं। इन दस सालों में यूपीए सरकार ने हरियाणा के विकास के लिए महज 41 हजार करोड़ दिए। वहीं 2014 से लेकर 2024 तक के दस साल के कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा को 2 लाख 92 हजार करोड़ रुपये की राशि विकास कार्यों के लिए दी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को हरियाणा प्रदेश से विशेष लगाव है तभी इस छोटे से प्रदेश को लाखों करोड़ रुपये दिए गए। उन्होंने कहा कि इनमें से 940 करेाड़ रुपये अकेले गुरूग्राम को दिए गए हैं। गुरूग्राम में 576 एकड़ में भूमि विकसित की गई, 9600 करोड़ रुपये की राशि से द्वारका एक्सप्रेस वे जैसी परियोजना को भाजपा सरकार ने सिरे चढ़ाया, 20 हजार करोड़ की लागत से परमाणु संयत्र केंद्र गोरखपुर में लगवाया गया, पांच हजार करोड़ की लागत से गुरूग्राम मेट्रो रेल परियोजना को पूर्ण किया गया। 

 

 

पांच लाख युवाओं को देंगे बिना पर्ची खर्ची के नौकरी

राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा में हुड्डा सरकार के समय डीलर, दलाल और दामाद की दलाली चलती थी लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद डेढ़ लाख नौजवानों को बिना पर्ची और खर्ची के नौकरी मिली। हरियाणा की जनता तीसरी बार भाजपा सरकार बनाती है तो आने वाले पांच सालों में पांच लाख नौकरी बिना खर्ची पर्ची के और दी जाएगी। भाजपा की सरकार आने पर 2100 रुपये हर महिला को खाते में दिए जाएंगे और आयुष्मान के तहत अब पांच नहीं दस लाख रुपये तक का उपचार मिलेगा। उन्होंने मौजूद मातृ शक्ति से कहा कि 3 अक्टूबर से नवरात्र शुरू हो रहे हैं। शक्ति की आलोचना करने वाली कांग्रेस को महिलाएं मिलकर हराने का काम करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अमेरिका में जाकर एससी व ओबीसी आरक्षण को खत्म करने की बात कह रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक भाजपा सरकार है एससी व ओबीसी आरक्षण पर कोई आंच नहीं आ सकती। उन्होंने कहा कि आज हथीन से थानेसर और थानेसर से पलवल तक कांग्रेस के मंचों पर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लग रहे हैं और राहुल गांधी चुप्पी साधे बैठे हैं।  

 

राव नरबीर ने किया आह्वान, पूरे दक्षिण हरियाणा में खिलाएं कमल

राव नरबीर सिंह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि गुरूग्राम में अगर विकास के काम हो सके तो वह भाजपा सरकार आने के बाद ही हो पाए। 2014 से 2019 तक जितने काम उन्होंने मंत्री रहते हुए बादशाहपुर सहित पूरे गुरूग्राम में कराए थे उतने काम तो पिछले पचास साल में भी नहीं हो पाए थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने तीन बार उनको जिताने का काम किया और अब चौथी बार भी बादशाहपुर के लोग उनको जिताकर विधानसभा में भेजेंगे। राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के कारण आज सिर्फ देश ही नहीं विदेशों में भी भारत की साख बढ़ी है। उन्होंने मौजूद लोगों से आह्वान किया कि सिर्फ बादशाहपुर सहित गुरूग्राम की चारों सीटों पर ही नहीं दक्षिणी हरियाणा की हर सीट पर कमल को खिलाने का काम करें। उन्होंने कहा कि दक्षिणी हरियाणा की हर सीट पर कमल खिलेगा और प्रदेश में भी सरकार भाजपा की बनने जा रही है।

 

Related Story

Trending Topics

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!