केंद्रीय मंत्री के 24 घंटे में वापसी के अल्टीमेटम पर बोले नवीन

Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 20 Sep, 2024 07:01 PM

naveen said on union minister s ultimatum to return within 24 hours

वोट के लिए धमकी दिलाना भाजपा प्रत्याशी की बौखलाहट : नवीन गोयल

गुड़गांव,  (ब्यूरो): गुडग़ांव विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी नवीन गोयल ने कहा कि हम गुडग़ांव के विकास का मकसद लेकर चुनाव लड़ रहे हैं। 36 बिरादरी ने हमें चुनाव में उतारा है। हमें किसी से कोई द्वेष नहीं है। इसके बावजूद भी भाजपा प्रत्याशी के लोगों द्वारा हमारे समर्थकों को धमकियां देना निंदनीय है। इस तरह से चुनाव में माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। यह बात उन्होंने शुक्रवार को सेक्टर-17 स्थित माधव भवन में पत्रकार वार्ता में कही। जिस समर्थक को धमकी दी गई है, उन्होंने भी पूरा घटनाक्रम यहां सांझा किया। इस अवसर पर डा. डी.पी. गोयल, बंटी पाहुजा, गजेंद्र गुप्ता, गगन गोयल, धर्मबीर बागोरिया समेत अनेक साथी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।  

 


नवीन गोयल ने कहा कि पार्टी ने हमारी टिकट काटी तो हम कुछ नहीं बोले। हम जनता के बीच गए। 36 बिरादरी के साथ बैठक करके चुनाव पर चर्चा की। लोगों ने एक स्वर में चुनाव लडऩे की बात कही। हमने चुनाव की तैयारी की। गुडग़ांव की जनता ने नामांकन को ऐतिहासिक बनाया। इसके बाद हम शांतिपूर्वक अपना प्रचार गुडग़ांव की जनता के साथ मिलकर कर रहे हैं। इसी बीच भाजपा प्रत्याशी के लोगों द्वारा हमारे समर्थकों के साथ बदसलूकी करनी शुरू कर दी है। कहीं पोस्टर फाड़े जा रहे हैं। यह किस तरह की राजनीति है। गुडग़ांव से भाजपा प्रत्याशी के कार्यकर्ताओं द्वारा पोस्टर फाड़े जाने की नवीन गोयल ने निंदा की। नवीन गोयल ने यह भी बताया कि कार्यकर्ता दूसरे दल के हैं, लेकिन हमारे पटके पहनकर हमारे ही पोस्टर फाडऩे का काम कर रहे हैं। सारा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो चुका है।


वोट मांगने का सभी का अधिकार
निर्दलीय प्रत्याशी नवीन गोयल ने कहा कि वोट मांगने का सभी को अधिकार है। कोई कहीं पर भी जाकर वोटों की मांग कर सकता है। कोई किसी भी प्रत्याशी को वोट डाल सकता है। यह अधिकार हमें संविधान ने दिया है। इस अधिकार का एक प्रत्याशी के लोगों द्वारा हनन किये जाने का प्रयास निंदनीय है। नवीन गोयल ने कहा कि गुडग़ांव को बाहुबली नहीं चाहिए, काम करने वाला चाहिए। मैं पिछले 12 साल से जनता के बीच रहकर काम कर रहा हूं। मेरा चुनाव जनता लड़ रही है। उन्होंने कहा कि वे मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं। गुरुग्राम की जनता का साथ है। अब चुनाव से पीछे हटने का कोई मतलब नहीं है। पत्रकार वार्ता में जानकारी दी गई कि डोर-टू-डोर करने वाले कार्यकर्ताओं के साथ भी बदतमीजी की गई है। धमकी भी दी गई है। लक्ष्मण विहार में हमारी महिला कार्यकर्ताओं को कुछ लोगों ने घेरा।

भाजपा प्रत्याशी के लोगों ने दी धमकियां
गुरुग्राम की विभिन्न सोसायटी का प्रतिनिधित्व करने वाले कुलबीर श्योराण ने पत्रकार वार्ता में कहा कि रेखा भारद्वाज नामक महिला ने उन्हें कॉल करके कहा कि वह मुकेश शर्मा की बहन है। कॉल करने का कारण पूछा तो बोलीं, वोट मांगना है। कुलबीर श्योराण ने उन्हें कहा कि मैं नवीन गोयल के साथ जुड़ा हुआ हूं। इसके 3-4 घंटे बाद वह सोसायटी के गेट पर पहुंची। गार्ड से सोसायटी प्रधान व अन्य लोगों के नंबर मांगने लगीं। गार्ड ने नंबर देने से मना कर दिया। कुलबीर श्योराण ने बताया कि इसके बाद विकास मल्होत्रा नामक व्यक्ति उनसे मिलने आया। मुकेश को वोट की बात करने की बात कही। जिसके लिए उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद सुबह 10 बजे करीब 15 लोग सोसायटी पहुंचे। जिनमें एक बलवंत नामक व्यक्ति था, वह मुकेश शर्मा का भाई बताया गया है। एक उसका कजन और मुकेश की बहन बताने वाली रेखा भारद्वाज भी साथ थीं। कुलबीर श्योराण के मुताबिक जब वे नीचे आए तो वहां आए लोगों ने उन्हें धमकी देनी शुरू कर दी। झगड़ा भी करने लगे। फिर खुद ही पुलिस बुला ली। जब वे अपने फ्लैट में जा रहे थे तो आरोपी यही बात कर रहे थे कि इसको गाड़ी में डालना चाहिए था। उनकी पत्नी ने यह बात सुनी। उन्होंने कहा कि उनकी सोसायटी में भाजपा को भी वोट देने वाले लोग हैं, लेकिन कभी किसी के बीच कोई ऐसी बात नहीं हुई। इस तरह की हरकत करके प्रजातंत्र का गला घोंटने का काम किया जा रहा है।  

नवीन गोयल रॉयल है, लॉयल है...
नवीन गोयल ने कहा कि गुरुवार की शाम गुडग़ंाव के सदर बाजार के पास भाजपा की चुनावी सभा में पहुंचे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा उन्हें वापस भाजपा में आने के लिए रात का अल्टीमेटम दिया। इसके बाद भाजपा के दरवाजे बंद होने की बात कही। साथ ही उनके द्वारा उन्होंने गोयल वोयल करके बात कही गई। नवीन गोयल इस पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि गोयल रॉयल हैं, गोयल लॉयल हैं। गुडग़ांव की जनता के आशीर्वाद से चुनाव मैदान में हैंं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री का आभार जताया है कि गुडग़ांव के चुनाव में उन्हें नवीन गोयल ही नजर आया। नवीन गोयल ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी जनता के बीच चुनाव से कुछ समय पहले ही आए हैं।

संगठन के वरिष्ठ नेताओं को गलत कहने वाले को दी टिकट
भाजपा प्रत्याशी की कार्यप्रणाली से गुडग़ांव की जनता और खुद भाजपा संगठन वाकिफ है। बादशाहपुर में पहले भाजपा की टिकट पर, फिर भाजपा से बागी होकर उन्होंने चुनाव लड़ा और हार गए। बादशाहपुर के बाद उन्होंने गुडग़ांव विधानसभा की तरफ रुख किया। नवीन गोयल ने उन्हें टिकट देने पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जो व्यक्ति प्रधानमंत्री की माताजी के निधन पर गुडग़ांव में जुलूस निकालता है। डीजे बजाता है, खुशियां मनाता है, उसे भाजपा ने टिकट दिया। जो व्यक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज और हरियाणा में संगठन के वरिष्ठ नेता रामविलास शर्मा के खिलाफ गलत बोला हो, उसे ही टिकट थमा दी गई। उन्हें समझ नहीं आया कि यह संगठन की टिकट देने की कौन सी नीति है। नवीन गोयल ने फिर कहा कि वे जनता के आशीर्वाद से चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव में गड़बड़ी की कोशिश नहीं होनी चाहिए।

Related Story

Trending Topics

Afghanistan

134/10

20.0

India

181/8

20.0

India win by 47 runs

RR 6.70
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!