Edited By Manisha rana, Updated: 08 Apr, 2020 01:43 PM
मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने के मूड में नजर आ रहा है। 10 तारीख को एक बार फिर बारिश के आसार बने हुए....
रोहतक (मैनपाल) : मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने के मूड में नजर आ रहा है। 10 तारीख को एक बार फिर बारिश के आसार बने हुए हैं। मंगलवार को मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक आगामी 3 दिन आसमान में सामान्य बादल छाए रहेंगे, साथ ही हल्की बारिश होने की भी संभावना बनी हुई है।
वहीं, कोरोना वायरस के चलते देश दुनिया में हाहाकार मचा है लेकिन लॉकडाऊन ने कई नए अनुभव दिए हैं। बात चाहे प्रदूषण से बिगड़ते प्राकृतिक संतुलन की हो या वातावरण में बदलाव की। करीब एक दशक बाद अप्रैल माह में इस तरह का मौसम देखने को मिल रहा है। बीते वर्ष इस मौसम में वातावरण में गर्माहट घुलनी शुरू हो गई थी।
ठंडी हवा से तापमान में 2 डिग्री की गिरावट
मंगलवार के दिनभर के मौसम पर नजर डालें तो पूरे दिन हवा चलती रही, दिन चढऩे के साथ ही धूल भरी आंधी शुरू हुई। इसके अलावा दिनभर ठंडी हवा चलती रहीं। इससे अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रिकार्ड किया गया।
अगले 3 दिन के मौसम पर एक नजर
अगले 3 दिन तक आसमान में हल्के और मध्यम स्तर के बादल छाए रहेंगे। इस बीच धूल भरी आंधी चलेगी। कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है लेकिन तेज बारिश नहीं होगी। मौसम विभाग के मुताबिक वीरवार देर शाम तक बादल छाए रहेंगे। शुक्रवार को बारिश की भी संभावना है। दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहने के आसपास बने रहने के आसार हैं। आगामी शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री तक पहुंच सकता।