Edited By Updated: 01 Mar, 2017 09:18 AM
होली गांव में दुल्हन को लेने आए दुल्हे को बारात सहित उस समय बैरंग लौटना पड़ गया, जब लड़की के मामा ने लड़की की आयु को 18 वर्ष से कम बताकर हंगामा शुरू कर दिया।
मुलाना:होली गांव में दुल्हन को लेने आए दुल्हे को बारात सहित उस समय बैरंग लौटना पड़ गया, जब लड़की के मामा ने लड़की की आयु को 18 वर्ष से कम बताकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना जिला बाल विवाह निषेध अधिकारी को दी गई जिन्होंने मौके पर पहुंचकर शादी को रोका, साथ ही लड़की की आयु के प्रमाण पत्रों का जांचा जिनके अनुसार लड़की की आयु बालिग होने में 6महीने कम थी। होली गांव में एक लड़की की शादी की जा रही थी। लड़की के पिता की मौत हो चुकी थी। लड़की की शादी लड़की के ताऊ द्वारा की जा रही थी। गांव में बारात पहुंच चुकी थी। लगभग 12 बजे लड़की के मामा ने लड़की की आयु को लेकर हंगामा कर दिया।
लड़की के मामा प्रीतम वासी महमूदपुर ने लड़की को नाबालिग बताया। साथ ही लड़की के ताऊ पर उसकी जबरन शादी करने का आरोप लगाया। मामले की सूचना जिला बाल विवाह निषेध अधिकारी अरविंद्र जीत कौर को दी गई। सूचना मिलते ही अरविंद्र जीत कौर मौके पर पहुंची और लड़की की आयु के प्रमाणों का जांचा जिसमें साबित हो गया कि लड़की की आयु 17 वर्ष 6 महीने है। ऐसे में शादी करना कानूनी जुर्म था। शादी का आयोजन कर रहे लड़की के ताऊ ने अनपढ़ होने का कारण बताकर अपनी गलती मानी व साथ ही लिखित में दिया कि वह अपनी भतीजी की शादी 18 वर्ष पूरे होने पर ही करेगा। वहीं, दूल्हे को पूरी बारात सहित बिना दुल्हन लिए बिना ही वापस लौटना पड़ा। हालांकि दूल्हे को आश्वासन दिया गया कि लड़की के बालिग होते ही शादी उसके साथ कर दी जाएगी।