Edited By Isha, Updated: 07 Mar, 2020 12:25 PM
इस बार होली के पर्व पर यात्रियों को परेशानियों का सामना ना करना पड़े, इसके लिए बल्लभगढ़ रोडवेज डिपो ने तैयारी कर ली हैं। रोडवेज प्रशासन ने पूर्व के अनुभवों का संज्ञान लेते हुए प्रमुख....
फरीदाबाद (कुलवीर चौहान) : इस बार होली के पर्व पर यात्रियों को परेशानियों का सामना ना करना पड़े, इसके लिए बल्लभगढ़ रोडवेज डिपो ने तैयारी कर ली हैं। रोडवेज प्रशासन ने पूर्व के अनुभवों का संज्ञान लेते हुए प्रमुख और ज्यादा भार वाले मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। विभिन्न रूटों पर इन बसों ने शुक्रवार से रफ्तार भरनी शुरू कर दी है। इसके अलावा जैसे जैसे होली का त्यौहार नजदीक आता जाएगा, बसों की संख्या में बढ़ोतरी होती जाएगी।
बल्लभगढ़ डिपो से कई रूटों पर अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है, विभाग के मुताबिक शुक्रवार से इन बसों की संख्या में इजाफा किया गया है, ऐसा होली पर होने वाले भीड़ के चलते किया गया है। विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में बसों की संख्या में और भी इजाफा किया जायगा। विभाग का ज्यादा फोकस बल्लभगढ़ से आगरा और अलीगढ़ तक जाने वाले रूटों पर है। इसीलिए इन रूटों पर अधिक बसों का संचालन बढ़ाया जा रहा है। इसका कारण इन रूटों पर सबसे अधिक यात्रियों का भार रहना है।
आगरा रूट पर पलवल, होडल, कोसी, मथुरा जैसे रूट भी कवर हो सकेंगे। आगरा रूट पर बसों की संख्या बढ़ाकर दोगुनी कर दी गई है, पहले दिन में 4 फेरे बसों के आगरा रूट पर लगाए जाते थे, जो अब बढ़ाकर आठ कर दिए गए हैं, इसके अलावा अलीगढ़ रूट पर भी बसों के फेरे 8 से बढ़ाकर 16 कर दिए गए हैं। बसें आने से विभाग को मिली राहत : बल्लभगढ़ बस डिपो पर नई बसें आने से विभाग को काफी राहत मिली है।
नई बसों के आ जाने से इस बार विभाग को अपने पुराने रूटों में कटौती करने की जरुरत नहीं पड़ी है। बता दें कि बल्लभगढ़ बस डिपो में बसों की संख्या में कमी के कारण विभाग को वर्ष भर में आने वाले पर्वों पर अपने कुछ रूटों में कटौती करनी पड़ती थी और ज्यादा भार वाले रूटों पर बसों को लगाना पड़ता था, लेकिन नई बसों के आ जाने से इस बार इस समस्या से विभाग को कुछ हद तक छुटकारा जरूर मिला है।