Edited By Manisha rana, Updated: 20 Apr, 2026 09:35 AM

गुहला-चीका के गांव स्यून माजरा में खेत में काम करते समय मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जहां एक लगभग 44 वर्षीय युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया।
गुहला/चीका (कपिल शर्मा) : गुहला-चीका के गांव स्यून माजरा में खेत में काम करते समय मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जहां एक लगभग 44 वर्षीय युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। मृतक के भतीजे सतनाम सिंह ने बताया कि वह अपने चाचा गुरविंदर सिंह के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर तूड़ी लेकर खेत से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे नहर के पास पहुंचे, तभी डेरा प्रताप सिंह के प्रताप सिंह ने रास्ते में उन्हें रोक लिया और कथित तौर पर कहा कि यह उसका निजी रास्ता है और यहां से गुजरने नहीं देगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान प्रताप सिंह ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। सतनाम सिंह के अनुसार आरोपी ने कुल तीन फायर किए, जिनमें से दो फायर उसकी ओर किए गए, जबकि तीसरा फायर उसके चाचा गुरविंदर सिंह की छाती पर जा लगा। गोली लगते ही गुरविंदर सिंह मौके पर ही गिर पड़े और अचेत हो गए। घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत गुहला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर तेजेंद्र सिंह के अनुसार मृतक को जब अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि गोली छाती के ऊपरी हिस्से में लगी थी, जो हृदय के ऊपर ओर सेंटर का अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र होता है।
सतनाम सिंह ने बताया कि घटना के समय आरोपी के साथ उसका नौकर और परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद थे। वहीं इस मामले में गुहला थाना प्रभारी के फोन पर जो फोन किया गया तो उन्होंने कहा कि आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है और इसी व्यस्तता की वजह से पुलिस मौके पर अस्पताल नहीं पहुंच सकी जबकि पुलिस आरोपी की धर पकड़ में लगी हुई थी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)