Edited By Shivam, Updated: 19 Jun, 2021 10:29 PM
शनिवार को बड़वा गांव की एक 27 वर्षीय विवाहिता व उसके नवजात की डिलीवरी के बाद मृत्यु हो गई। मृतका के परिजनों ने सिवानी के मैक्स अस्पताल में चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
हिसार (विनोद सैनी): शनिवार को बड़वा गांव की एक 27 वर्षीय विवाहिता व उसके नवजात की डिलीवरी के बाद मृत्यु हो गई। मृतका के परिजनों ने सिवानी के मैक्स अस्पताल में चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मृतका के भाई हिसार निवासी विक्रम के अनुसार उसकी बहन का डेढ़ साल पहले बड़वा गांव में विवाह हुआ था। शुक्रवार को डिलीवरी के लिए सिवानी के मैक्स अस्पताल में लेकर गये थे। वहां उसकी बहत की नॉर्मल डिलीवरी हुई। मगर बाद में चिकित्सक ने कहा कि प्रसूता के अंदर प्लेसेंटा रह गया है और चेकअप के लिए हिसार ले जाओ।
विक्रम ने आरोप लगाया कि सिवानी के चिकित्सक ने उन्हें अंधेरे में रखा और किसी भी प्रकार की एमरजेंसी होने की सूचना नहीं दी। हिसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी बहन की मृत्यु हो गई। बाद में बच्चे को भी जांच के लिए हिसार के एक अस्पताल में ले जाया गया लेकिन बच्चे ने भी दम तोड़ दिया। उन्हें समझ ही नहीं आ रहा ऐसा क्यों हुआ? अगर जच्चा व बच्चा के साथ कोई एमरजेंसी स्थिति थी तो चिकित्सक को बताना चाहिए था। ऐसा नहीं बताने के कारण जच्चा व बच्चा दोनों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)