Edited By Gourav Chouhan, Updated: 09 Aug, 2022 03:17 PM
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शहर के मटका चौक पर ही रोक लिया। इसके बाद पुलिस और आप की युवा इकाई के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई।
चंडीगढ़: कांग्रेस के बाद आम आदमी पार्टी हरियाणा की युवा इकाई ने भी महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। चंडीगढ़ में विरोध प्रदर्शन करने के बाद आप कार्यकर्ता हरियाणा विधानसभा का घेराव करने के लिए पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शहर के मटका चौक पर ही रोक लिया। इसके बाद पुलिस और आप की युवा इकाई के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई। पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों में भर लिया।
प्रदर्शनकारियों को बसों में भरकर थाने ले गई पुलिस
पुलिस द्वारा विधानसभा की ओर जाने से रोकने पर आप कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग को पार कर विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी और ज्यादा भड़क गए। गुस्साए आप कार्यकर्ता सड़क पर ही लेट गए। इसके बाद पुलिस ने सभी को सड़क से उठाकर बसों में भर लिया। चंडीगढ़ पुलिस आप कार्यकर्ताओं को अलग-अलग थानों में ले गई। इस दौरान आप की युवा इकाई के कार्यकर्ता लगातार सरकार और चंडीगढ़ पुलिस के विरोध में नारेबाजी करते रहे।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)